Aapka Rajasthan

भारत की शिक्षा व्यवस्था तेजी से मजबूत हुई, 2047 के लक्ष्य में मिलेगी मदद : सी. पी. राधाकृष्णन

पुणे, 21 नवंबर (आईएएनएस)। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। पिछले 12 वर्षों में देश के उच्च शिक्षा क्षेत्र में बड़ा विस्तार हुआ है और विश्वविद्यालयों से लेकर आईआईटी, आईआईएम तथा एम्स की संख्या में वृद्धि हुई है।
 

पुणे, 21 नवंबर (आईएएनएस)। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। पिछले 12 वर्षों में देश के उच्च शिक्षा क्षेत्र में बड़ा विस्तार हुआ है और विश्वविद्यालयों से लेकर आईआईटी, आईआईएम तथा एम्स की संख्या में वृद्धि हुई है।

पुणे में सिम्बायोसिस इंटरनेशनल (डीम्ड यूनिवर्सिटी) के 23वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि राष्ट्रीय लक्ष्यों को हासिल करने में शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री ने भी इस भूमिका पर लगातार जोर दिया है।

राधाकृष्णन ने बताया कि वर्ष 2014-15 में देश में 760 विश्वविद्यालय थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर 1,400 से अधिक हो गई है। इसी तरह, आईआईटी की संख्या 16 से बढ़कर 23 और आईआईएम की संख्या 13 से बढ़कर 22 हो गई है। वर्ष 2014 में देश में सात एम्स थे, जबकि अब इनकी संख्या 23 हो गई है।

उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों में विद्यार्थियों की संख्या में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2014-15 में जहां 3.4 करोड़ विद्यार्थी उच्च शिक्षा हासिल कर रहे थे। वहीं अब यह संख्या बढ़कर 4.5 करोड़ से अधिक हो गई है।

भारत की जी-20 अध्यक्षता का उल्लेख करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि सितंबर 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर अफ्रीकी संघ को जी-20 के स्थायी सदस्य के रूप में शामिल किया गया था। उन्होंने कहा कि यह कदम ग्लोबल साउथ के प्रति भारत की संवेदनशीलता को दर्शाता है।

राधाकृष्णन के अनुसार, इस ऐतिहासिक फैसले से वैश्विक निर्णय प्रक्रिया में अफ्रीका की आवाज मजबूत हुई और अधिक समावेशी तथा प्रतिनिधित्वपूर्ण वैश्विक व्यवस्था के प्रति भारत की प्रतिबद्धता भी सामने आई।

उपराष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पुणे स्थित सिम्बायोसिस इंटरनेशनल (डीम्ड यूनिवर्सिटी) के 23वें दीक्षांत समारोह में मेधावी छात्रों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों और श्रेष्ठता के लिए 'आउटस्टैंडिंग फॉरेन स्टूडेंट ऑफ द ईयर' (वर्ष का उत्कृष्ट विदेशी छात्र) का 'प्रो. डॉ. एस. बी. मजूमदार पुरस्कार और स्वर्ण पदक प्रदान किए गए।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी