भारत की इंग्लैंड पर जीत के लिए अयोध्या में साधु-संतों ने किया 'विजय यज्ञ'
अयोध्या, 5 मार्च (आईएएनएस)। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में गुरुवार को भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 विश्व कप का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
इंग्लैंड पर टीम इंडिया की जीत के लिए देशभर में प्रार्थनाओं का दौर शुरू हो चुका है। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में विशेष तौर पर पूजा की गई। टीम इंडिया की जीत के लिए साधु-संतों ने ‘विजय यज्ञ’ किया। इस दौरान साधु-संतों के हाथों में टीम इंडिया के खिलाड़ियों की तस्वीर भी दिखाई दी।
‘विजय यज्ञ’ में शामिल हुए एक साधु ने कहा कि भारत और इंग्लैंड का सेमीफाइनल मुकाबला होना है, और भारत की इंग्लैंड पर जीत के लिए 'विजय यज्ञ' किया गया। हमें पूर्ण विश्वास है कि हमारे खिलाड़ी आज बहुत ही शानदार प्रदर्शन करेंगे और इंग्लैंड को हराकर विश्व कप से बाहर का रास्ता दिखाएंगे। श्रीराम और हनुमानजी की कृपा से विजय हासिल होगी।
अयोध्या धाम के साकेत भवन मंदिर के महंत सीताराम दास ने कहा कि श्रीराम प्रभु के चरणों में हनुमान जी के विजय मंत्रों के उच्चारण के साथ विजय यज्ञ किया गया। भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 विश्व कप का सेमीफाइनल का मुकाबला है। हनुमानजी से प्रार्थना की है कि वे टीम इंडिया के खिलाड़ियों को शक्ति प्रदान करें। हमें पूर्ण भरोसा है कि हमारी भारतीय टीम इंग्लिश टीम को बाहर का रास्ता दिखाएगी। हनुमानजी की कृपा से टीम इंडिया अच्छा प्रदर्शन करेगी और फाइनल का सफर तय करेगी।
भारत के अब तक के सफर पर ध्यान दें तो टीम इंडिया ने टी-20 विश्व कप में अब तक कुल 7 मैच खेले हैं और इनमें से 6 मैचों में जीत हासिल की। भारत ने एकमात्र मैच साउथ अफ्रीका के खिलाफ गंवाया था, जो कि सुपर-8 का पहला मुकाबला था। सुपर-8 में भारत ने बाकी अपने दो मैच जीते और सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाई। भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले इस मैच को लेकर क्रिकेट एक्सपर्ट का मानना है कि भारत बेहतर टीम है, लेकिन टी-20 मैच में हार-जीत का अंतर एक बल्लेबाज की अच्छी बल्लेबाजी या फिर एक गेंदबाजी की अच्छी गेंदबाजी से भी बदल सकता है।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी
