भारत-पाक युद्ध रुकवाने में मेरी भूमिका के पीएम शहबाज कायल, मुझे अच्छा लगता है: ट्रंप
वाशिंगटन, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिर पाकिस्तान-भारत संघर्ष को याद किया है। ट्रुथ सोशल पर इस्लामाबाद टॉक्स के नाकाम रहने के कारण गिनवाए और ये भी कि अंतर्राष्ट्रीय कानून का उल्लंघन वो ईरान को नहीं करने देंगे। अपने पोस्ट में उन्होंने शहबाज शरीफ के उस 'खुशामदी' की सराहना की जो वो ट्रंप की करते हैं।
ट्रंप ने कहा, "उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विशेष दूत स्टीव विटकॉफ, और जेरेड कुशनर ने 20 घंटे से ज्यादा देर तक चली इस्लामाबाद बैठक के बारे में पूरी जानकारी दी। यह बैठक पाकिस्तानी आर्मी चीफ आसिम मुनीर और पीएम शहबाज शरीफ के नेतृत्व में पूरी हुई। दोनों शानदार इंसान हैं और भारत के साथ हुए एक भयानक संघर्ष में 3 से 5 करोड़ लोगों की जान बचाने के लिए वे लगातार मेरा आभार व्यक्त करते हैं और मुझे ये सुनकर हमेशा अच्छा ही लगता है।"
एक हफ्ते में ये दूसरी बार है जब ट्रंप पाकिस्तानी पीएम का नाम ले युद्ध रुकवाने की बात कर रहे हैं। ट्रंप ने हाल ही में व्हाइट हाउस में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया, "मैंने 8 युद्ध खत्म किए, जिनमें भारत और पाकिस्तान के बीच का भी शामिल है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने मुझसे तो यहां तक कहा कि मैंने 3 से 5 करोड़ लोगों की जान बचाई है।"
दरअसल, पिछले साल मई में भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव काफी हद तक बढ़ गया था। तब नई दिल्ली ने पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाया और पाकिस्तानी सीमा के काफी भीतर घुसकर आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। ट्रंप ने बार-बार यह दावा किया कि इस संघर्ष को उन्होंने ही खत्म करवाया था। हालांकि, भारत हर बार उनके दावे को खारिज करता रहा है।
वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने पोस्ट्स में बेनतीजा रही वार्ता की वजहें गिनाईं और अपनी टीम की कोशिशों की दिल खोलकर सराहना भी की। उन्होंने कहा कि ईरान होर्मुज और न्यूक्लियर मुद्दे को सुलझाने को लेकर सकारात्मक नहीं दिखा। ट्रंप के अनुसार, वो ईरान को "परमाणु हथियार बनाने की इजाजत नहीं देंगे।"
ट्रंप का दावा है कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने का वादा जान-बूझकर पूरा नहीं किया। इस वजह से दुनिया भर के कई लोगों और देशों को तकलीफ हुई है। ईरान ने पानी में बारूदी सुरंगें बिछाई, हालांकि उनकी पूरी नौसेना, और उनके "बारूदी सुरंग बिछाने वाले जहाज," पूरी तरह से उड़ा दिए गए हैं।
ईरान को चेतावनी भरे अंदाज में ट्रंप ने कहा कि बेहतर होगा कि वे नियमों का उल्लंघन न करें और इस अंतर्राष्ट्रीय जलमार्ग को खोलने की प्रक्रिया जल्द से जल्द शुरू करें!
--आईएएनएस
केआर/
