Aapka Rajasthan

भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए साउथ अफ्रीकी महिला टीम घोषित, मचेके को मिला मौका

जोहान्सबर्ग, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका ने भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए 15 सदस्यीय महिला टीम का ऐलान किया है। विकेटकीपर-बल्लेबाज टेबोगो मचेके को पहली बार अंतरराष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया, जबकि ऑलराउंडर एलिज-मारी मार्क्स को 15 सदस्यीय टीम में वापस बुलाया गया है। दोनों देश 17-27 अप्रैल के बीच पांच टी20 मुकाबलों की सीरीज खेलेंगे।
 
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज के शुरुआती दो मैच 17 और 19 अप्रैल को डरबन में खेले जाने हैं। इसके बाद 22 और 25 अप्रैल को जोहान्सबर्ग अगले दो मुकाबलों की मेजबानी करेगा। सीरीज का अंतिम मैच बेनोनी में 27 अप्रैल को आयोजित होगा।

टेबोगो मचेके ने कराबो मेसो की जगह ली है, जो कलाई की चोट के कारण टीम से बाहर हैं। वहीं, एलिज ने तेज गेंदबाज मसाबाता क्लास का स्थान लिया है। इस टीम की कप्तानी लॉरा वोल्वार्ड्ट कर रही हैं। एनीके बॉश ने घायल डेन वैन नीकेर्क की जगह टीम में अपना स्थान बरकरार रखा है। अनुभवी तेज गेंदबाज ऑलराउंडर मारिजेन कैप अभी भी टीम के लिए उपलब्ध नहीं हैं, क्योंकि वह अपनी बीमारी से उबरने की प्रक्रिया में हैं।

प्रोटियाज महिला टीम की चयन समिति के संयोजक क्लिंटन डू प्रीज ने कहा, "इस चरण में खिलाड़ियों के एक मुख्य समूह को बनाए रखना जरूरी है, ताकि कोच मंडला और टीम को खेल के अलग-अलग विभागों में तालमेल और बेहतर बनाने, अलग-अलग कॉम्बिनेशन आजमाने और एक सफल विश्व कप के लिए रणनीति बनाना जारी रखने का मौका मिल सके।"

उन्होंने कहा, "एलिज-मारी मार्क्स को शामिल करना टीम के संतुलन में हमारी जरूरतों के हिसाब से किया गया एक बदलाव है। इसका मकसद विरोधी टीम की तरफ से पेश की जाने वाली चुनौतियों के अलग-अलग समाधान उपलब्ध कराना है। टेबोगो मचेके ने पिछले कुछ वर्षों में घरेलू और उभरते खिलाड़ियों के स्तर पर लगातार अच्छा प्रदर्शन और अपनी काबिलियत साबित की है। इसी के चलते उन्हें राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह बनाने का यह मौका मिला।"

हेड कोच मंडला माशिम्बी ने कहा, "हम एलिज-मारी और टेबोगो का टीम में स्वागत करने के लिए उत्साहित हैं। हम यह देखने के लिए उत्सुक हैं कि टी20 वर्ल्ड कप की ओर अपनी यात्रा जारी रखते हुए वे टीम में कैसे योगदान देती हैं।"

साउथ अफ्रीकी टीम: लौरा वोल्वार्ड्ट (कप्तान), एनेके बॉश, ताजमिन ब्रित्स, नादिन डी क्लर्क, एनेरी डर्कसेन, अमांडा हलुबी, सिनालो जाफ्टा, अयाबोंगा खाका, सुने लुस, टेबोगो माचेके, एलिज-मारी मार्क्स, नॉनकुलुलेको म्लाबा, कायला रेनेके, तुमी सेखुखुने और क्लो ट्रायोन।

--आईएएनएस

आरएसजी