भारत-इथियोपिया ने रक्षा सहयोग को और मजबूत करने पर की चर्चा
नई दिल्ली, 2 सितंबर (आईएएनएस)। भारत और इथियोपिया ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और व्यापक तथा मजबूत बनाने की संभावनाओं पर चर्चा की है। बुधवार को नई दिल्ली में यह वार्ता इथियोपिया दूतावास के प्रभारी राजदूत नेबियू टेडला व रक्षा मंत्रालय के संयुक्त सचिव अमिताभ प्रसाद के बीच हुई।
मुलाकात के दौरान दोनों पक्षों ने भारत और इथियोपिया के बीच रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने के विभिन्न रास्तों पर विचार-विमर्श किया। बातचीत में विशेष रूप से सैन्य प्रशिक्षण, रक्षा उद्योग में सहयोग और संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। गौरतलब है कि भारत अपनी स्वदेशी रक्षा उत्पादन क्षमता और रक्षा उद्योग के विस्तार के साथ अफ्रीकी देशों के साथ रक्षा औद्योगिक साझेदारी को बढ़ावा दे रहा है। ऐसे में इथियोपिया के साथ रक्षा उद्योग में सहयोग भविष्य में तकनीकी साझेदारी और क्षमता निर्माण के नए अवसर पैदा कर सकता है।
बैठक में पारंपरिक सहयोग के साथ-साथ नए और उभरते क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। इसका उद्देश्य दोनों देशों के रक्षा संस्थानों के बीच सहयोग को और मजबूत करना तथा आपसी अनुभव और विशेषज्ञता का लाभ उठाना है। गौरतलब है कि भारत और इथियोपिया के बीच रक्षा संबंधों में सैन्य प्रशिक्षण एक महत्वपूर्ण क्षेत्र रहा है। दोनों पक्षों के बीच प्रशिक्षण के अवसरों को और बढ़ाने से सैन्यकर्मियों को एक-दूसरे के अनुभव, संचालन प्रक्रियाओं और विशेषज्ञता से सीखने का अवसर मिलेगा।
दरअसल, भारत अफ्रीकी देशों के साथ रक्षा क्षमता निर्माण और प्रशिक्षण के क्षेत्र में लंबे समय से सहयोग करता रहा है। इथियोपिया के साथ भी इसी दिशा में सहयोग को आगे बढ़ाने की संभावनाओं पर बातचीत हुई। भारत और इथियोपिया ने अक्टूबर 2025 में अपना पहला संयुक्त रक्षा सहयोग तंत्र शुरू किया था। इसमें रक्षा सहयोग के नए क्षेत्रों की पहचान की गई थी।
बैठक में रक्षा उद्योग के क्षेत्र में सहयोग भी प्रमुख मुद्दा रहा। दोनों देश रक्षा उपकरणों, तकनीकी क्षमताओं और रक्षा औद्योगिक सहयोग के नए अवसर तलाशने पर ध्यान दे रहे हैं। दोनों पक्षों ने संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों के क्षेत्र में सहयोग पर भी चर्चा की। भारत और इथियोपिया दोनों ही संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियानों में योगदान देने वाले महत्वपूर्ण देश हैं। ऐसे में प्रशिक्षण, अनुभव साझा करने और शांति अभियानों से जुड़ी क्षमताओं को मजबूत करने में दोनों देशों के बीच सहयोग की व्यापक संभावनाएं हैं।
बैठक का एक महत्वपूर्ण पहलू यह रहा कि दोनों देशों ने रक्षा सहयोग को केवल पारंपरिक सैन्य क्षेत्रों तक सीमित रखने के बजाय नए और उभरते क्षेत्रों में भी विस्तार देने की आवश्यकता पर जोर दिया। इससे भारत और इथियोपिया के बीच रक्षा संबंधों को बदलती सुरक्षा जरूरतों के अनुरूप विकसित करने में मदद मिल सकती है।
--आईएएनएस
जीसीबी/एसके
