'भारत एक लोकतांत्रिक देश, यहां जनता मालिक', 'रिजीम चेंज' के सवाल पर बोले बिहार के मंत्री
नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष सुमन ने कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल भगदड़ में मारे गए 19 लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया। इसके साथ ही उन्होंने प्रशासनिक खामियों की जांच की मांग भी की है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। इस बड़े आयोजन में बिजली का शॉर्ट-सर्किट का होना अपने आप में गंभीर बात है। इस पर सरकार को गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है।
'रिजीम चेंज' को लेकर प्रशांत भूषण के बयान पर उन्होंने कहा कि विपक्ष ने एसआईआर को लेकर आंदोलन किया, सीजेआई पर गंभीर आरोप लगाए, और अब वो 'रिजीम चेंज' करने की बात कर रहे हैं। मतलब, उनके इरादे साफ हो चुके हैं; ये लोग किसी न किसी तरह से सत्ता परिवर्तन चाहते हैं। ये लोग देश में अराजकता फैलाना चाहते हैं। ये लोग भारत में नेपाल और बांग्लादेश जैसे हालात बनाना चाहते हैं, लेकिन भारत एक लोकतंत्र देश है, यहां जनता मालिक है और जनता सरकारें बनाती हैं और अपना प्रतिनिधि चुनती है।
उन्होंने कहा कि इन लोगों को चुनावों तक इंतजार करना चाहिए, क्योंकि जनता बता देगी कि कौन सरकार बनाता और कौन नहीं। इसी तरह से नेहा बोरा ने भी एक बार बोला था कि जिस तरह से बांग्लादेश के जेनजी ने 'रिजीम चेंज' किया, उसी तरह से हम भी भारत में 'रिजीम चेंज' करना चाहते हैं। लेकिन जनता सब देख रही है। यही वजह है कि इन विभाजनकारी लोगों के मंसूबे कभी कामयाब नहीं हो सकते।
सांसद पप्पू यादव के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने कहा था कि छेड़खानी करने वालों के हाथ काटकर लाओ, दो लाख रुपए इनाम देंगे, संतोष कुमार सुमन ने कहा कि पप्पू यादव तरह-तरह की बात करते हैं, भगवान जाने उनके पास इतना पैसा कहां से आता है। लेकिन बिहार में कोई समानांतर सरकार नहीं चल सकती है। ये कानून-व्यवस्था और संविधान से चलने वाली सरकार है। कानून में हर तरह की सजा का प्रावधान है। ऐसे में अगर कोई ये कहे कि किसी की जीभ काटकर ले आओ, किसी का हाथ काटकर ले आओ, इसका कहीं कोई मतलब नहीं है।
वहीं, मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विश्वास सारंग ने ग्वालियर सड़क दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए प्रत्येक मृतक के परिवार को 4 लाख रुपए, गंभीर रूप से घायल पीड़ितों को 2 लाख रुपए के मुआवजे की घोषणा की, प्रथम दृष्टया दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और सभी घायलों के लिए मुफ्त उपचार की बात कही।
--आईएएनएस
एमएस/
