Aapka Rajasthan

भारत दौरे पर गंवाए सभी 6 मुकाबले, कप्तान न्कोमो ने जिम्बाब्वे टीम से 'सकारात्मक' रहने को कहा

वडोदरा, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत के खिलाफ टी20 और वनडे सीरीज गंवाने के बाद जिम्बाब्वे की कप्तान जोसेफिन न्कोमो ने अपनी टीम से सकारात्मक रवैया बनाए रखने और लगातार सुधार करने के लिए कहा है। भारत दौरे पर जिम्बाब्वे को कोई जीत नहीं मिली, लेकिन इस दौरे पर टीम की कुछ खिलाड़ियों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया, जिसे न्कोमो ने 'सकारात्मक पहलू' बताया है।
 

वडोदरा, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत के खिलाफ टी20 और वनडे सीरीज गंवाने के बाद जिम्बाब्वे की कप्तान जोसेफिन न्कोमो ने अपनी टीम से सकारात्मक रवैया बनाए रखने और लगातार सुधार करने के लिए कहा है। भारत दौरे पर जिम्बाब्वे को कोई जीत नहीं मिली, लेकिन इस दौरे पर टीम की कुछ खिलाड़ियों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया, जिसे न्कोमो ने 'सकारात्मक पहलू' बताया है।

भारत दौरे से मिली सीख के बारे में पूछे जाने पर न्कोमो ने कहा, "खेलते समय हमें और अधिक सकारात्मक रहने की जरूरत है। इसी इरादे के साथ आगे बढ़ें और हर दिन खुद को बेहतर बनाते रहें।"

वडोदरा स्थित बीसीए स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में जिम्बाब्वे की टीम 39.5 ओवरों में सिर्फ 131 रन पर सिमट गई। इसके जवाब में भारत ने 17 ओवरों में 8 विकेट शेष रहते मुकाबला अपने नाम किया। वनडे सीरीज में 3-0 से 'क्लीन स्वीप' करने से पहले 'विमेन इन ब्लू' ने टी20 सीरीज 3-0 से अपने नाम की थी।

भारत ने टी20 सीरीज का पहला मैच 4 विकेट से अपने नाम किया था, जिसके बाद अगले मैच में 9 विकेट से जीत दर्ज की। मेजबान टीम ने सीरीज के तीसरे मुकाबले को 92 रन से जीता।

वनडे सीरीज की बात करें, तो 'विमेन इन ब्लू' ने पहले मैच में 9 विकेट से जीत हासिल की। इसके बाद अगले मैच को 121 रन से जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त बना ली। जिम्बाब्वे के पास अंतिम मैच को जीतकर लाज बचाने का मौका था, लेकिन इसमें भी मेहमान टीम चूक गई।

हार के बावजूद, न्कोमो ने सीरीज में खिलाड़ियों के व्यक्तिगत योगदान, गेंदबाजी और फील्डिंग को सकारात्मक पक्ष के रूप में देखा। उन्होंने कहा, "जैसा कि आपने कहा, इसमें कई सकारात्मक बातें हैं। हमारी कुछ खिलाड़ियों ने अर्धशतक लगाए। हमने अच्छी गेंदबाजी की और हमारी फील्डिंग भी शानदार रही।"

यह पूछे जाने पर कि किन खिलाड़ियों ने दोनों सीरीज में सबसे अच्छा प्रदर्शन किया, जिम्बाब्वे की कप्तान ने कहा, "न्याशा ग्वांजुरा ने बहुत अच्छी गेंदबाजी की। बिलेव्ड ने गेंद और बल्ले दोनों से अच्छा प्रदर्शन किया। मोडेस्टर मुपाचिकवा ने विकेट के पीछे और बल्लेबाजी, दोनों में बेहतरीन काम किया। पूरी सीरीज में कुछ खिलाड़ियों ने आगे बढ़कर जिम्मेदारी ली है।"

--आईएएनएस

आरएसजी