भारत बनाम न्यूजीलैंड: टी20 फॉर्मेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले 5 बल्लेबाज
नई दिल्ली, 7 मार्च (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में 8 मार्च को टीम इंडिया की भिड़ंत न्यूजीलैंड से होगी। खिताबी मुकाबले की मेजबानी अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम करेगा। भारतीय टीम ने चौथी बार टी20 विश्व कप के फाइनल में अपनी जगह बनाई है। वहीं, न्यूजीलैंड दूसरी बार खिताबी मुकाबला खेलने मैदान पर उतरेगी।
टी20 वर्ल्ड कप में आज तक टीम इंडिया न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत दर्ज नहीं कर सकी है। दोनों टीमों के बीच 3 मुकाबले खेले गए हैं और सभी में जीत न्यूजीलैंड के हाथ लगी है। आइए आपको उन 5 बल्लेबाजों के नाम बताते हैं, जिन्होंने भारत-न्यूजीलैंड टी20 मुकाबलों में सर्वाधिक रन बनाए हैं।
सूर्यकुमार यादव: भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव को न्यूजीलैंड का गेंदबाजी अटैक काफी रास आता है। सूर्या भारत की ओर से कीवी टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। सूर्यकुमार ने 13 मुकाबलों में 170 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 526 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक शतक और 4 अर्धशतक लगाए हैं।
रोहित शर्मा: भारत-न्यूजीलैंड के बीच हुए टी20 मुकाबलों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर रोहित शर्मा का नाम है। टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले चुके रोहित ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 17 मुकाबलों में 141 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 511 रन बनाए हैं। रोहित ने 6 अर्धशतक लगाए हैं।
कॉलिन मुनरो: न्यूजीलैंड की तरफ से भारत के खिलाफ सर्वाधिक रन कॉलिन मुनरो ने बनाए हैं। मुनरो ने भारतीय गेंदबाजी अटैक के सामने खेले 12 मुकाबलों में 148 के स्ट्राइक रेट से 426 रन बनाए हैं। मुनरो एक शतक और तीन अर्धशतक लगा चुके हैं।
टिम सीफर्ट: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कमाल की फॉर्म में नजर आए टिम सीफर्ट भारत-न्यूजीलैंड टी20 मुकाबलों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले चौथे बल्लेबाज हैं। सीफर्ट 15 मुकाबलों में 148 के स्ट्राइक रेट से 425 रन बना चुके हैं। सीफर्ट ने भारत के खिलाफ क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में 4 अर्धशतक लगाए हैं।
केन विलियमसन: केन विलियमसन न्यूजीलैंड की ओर से भारत के खिलाफ टी20 में सर्वाधिक रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज रहे हैं। विलियमसन ने 13 मुकाबलों में 130 के स्ट्राइक रेट से 419 रन बनाए हैं। वह भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ तीन अर्धशतक लगा चुके हैं।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी
