भारत बनाम वेस्टइंडीज: टी20 में सर्वाधिक रन बनाने वाले 5 बल्लेबाज
कोलकाता, 28 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार को टीम इंडिया की भिड़ंत वेस्टइंडीज के साथ होनी है। दोनों टीमों के बीच होने वाले इस मैच की मेजबानी ईडन गार्डन्स क्रिकेट स्टेडियम करेगा। भारतीय टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए हर हाल में इस मुकाबले में जीत दर्ज करनी होगी।
आइए आपको उन 5 बल्लेबाजों के नाम बताते हैं, जिन्होंने भारत-वेस्टइंडीज के बीच खेले गए टी20 मुकाबलों में सर्वाधिक रन बनाए हैं।
रोहित शर्मा – भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए टी-20 मैचों में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम दर्ज है। टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले चुके रोहित ने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले 22 मैचों में 142 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 693 रन बनाए हैं। रोहित ने एक शतक और 5 अर्धशतक लगाए हैं।
निकोलस पूरन - वेस्टइंडीज की तरफ से टी20 में भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा रन निकोलस पूरन ने बनाए हैं। पूरन ने 20 मैचों में 135 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 592 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने टीम इंडिया के खिलाफ 5 अर्धशतक लगाए हैं।
विराट कोहली - क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट को अलविदा कह चुके विराट कोहली भारत-वेस्टइंडीज के बीच खेले गए टी20 मुकाबलों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। कोहली ने कैरेबियाई टीम के खिलाफ खेलते हुए 14 मैचों में 150 के स्ट्राइक रेट से 570 रन बनाए हैं।
सूर्यकुमार यादव – भारतीय टी20 टीम के मौजूदा कप्तान सूर्यकुमार यादव को भी वेस्टइंडीज का बॉलिंग अटैक खूब रास आता है। सूर्या ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अब तक कुल 12 मैच खेले हैं और उनके बल्ले से 164 के स्ट्राइक रेट से 408 रन निकले हैं। सूर्यकुमार ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन अर्धशतक लगाए हैं।
ऋषभ पंत - भारत-वेस्टइंडीज के बीच टी20 मैचों में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में ऋषभ पंत पांचवें नंबर पर मौजूद हैं। पंत ने कैरेबियाई गेंदबाजी अटैक के खिलाफ खेले 16 मैचों में 141 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 397 रन बनाए हैं। पंत के बल्ले से इस दौरान तीन अर्धशतक निकले हैं।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी
