Aapka Rajasthan

भारत बनाम श्रीलंका: भारतीय खिलाड़ियों के निशाने पर होंगे टेस्ट सीरीज में ये 5 बड़े रिकॉर्ड्स

नई दिल्ली, 9 अगस्त (आईएएनएस)। भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 15 अगस्त से होने जा रहा है। इस सीरीज में भारतीय खिलाड़ियों के निशाने पर कुछ बड़े रिकॉर्ड्स होंगे। शुभमन गिल और रवींद्र जडेजा के पास खास उपलब्धि हासिल करने का सुनहरा मौका होगा।
 

नई दिल्ली, 9 अगस्त (आईएएनएस)। भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 15 अगस्त से होने जा रहा है। इस सीरीज में भारतीय खिलाड़ियों के निशाने पर कुछ बड़े रिकॉर्ड्स होंगे। शुभमन गिल और रवींद्र जडेजा के पास खास उपलब्धि हासिल करने का सुनहरा मौका होगा।

शुभमन गिल के नाम जुड़ेगी बड़ी उपलब्धि: श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में शुभमन गिल अगर एक शतक लगाने में सफल रहते हैं, तो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियशिप (डब्ल्यूटीसी) की इस साइकल में सर्वाधिक सेंचुरी लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। वह इस मामले में जो रूट को पीछे छोड़ देंगे। गिल ने डब्ल्यूटीसी के इस साइकिल में अब तक 5 शतक लगाए हैं। गिल अगर इस सीरीज में दो शतक लगाने में कामयाब रहते हैं, तो वह बतौर भारतीय टेस्ट कप्तान सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ देंगे। बतौर कप्तान गिल ने अब तक 6 शतक लगाए हैं, जबकि सचिन के नाम 7 शतक दर्ज हैं।

जडेजा के पास सुनहरा मौका: रवींद्र जडेजा अगर श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 2 विकेट निकालने में सफल रहते हैं, तो वह टेस्ट क्रिकेट में 350 विकेट पूरे कर लेंगे। जडेजा इस मुकाम तक पहुंचने वाले पांचवें भारतीय गेंदबाज बनेंगे। उनसे पहले यह उपलब्धि अनिल कुंबले, रविचंद्रन अश्विन, कपिल देव और हरभजन सिंह के नाम दर्ज है।

एक विकेट दूर कुलदीप: भारतीय स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में एक विकेट लेने के साथ ही एशिया में 250 इंटरनेशनल विकेट पूरे कर लेंगे। कुलदीप ने अब तक एशियाई कंडीशंस में खेलते हुए 141 पारियों में 24.14 की औसत से 249 विकेट निकाले हैं। इस टेस्ट सीरीज में कुलदीप की भूमिका काफी अहम मानी जा रही है।

बतौर कप्तान गिल के पास बिशन बेदी से आगे निकलने का मौका: शुभमन गिल के पास श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में बतौर कप्तान बिशन सिंह बेदी को पीछे छोड़ने का भी सुनहरा मौका होगा। गिल की कप्तानी में अगर भारतीय टीम श्रीलंका को इस सीरीज में 2-0 से हराने में सफल रहती है, तो वह भारतीय कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने के मामले में बिशन सिंह बेदी को पीछे छोड़ देंगे। गिल ने अब तक 9 टेस्ट मैचों में भारत की अगुवाई की है, जिसमें से टीम को 5 में जीत नसीब हुई है और तीन में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, बिशन बेदी की कप्तानी में भारत ने 22 टेस्ट मैचों में 6 मुकाबले जीते थे।

जडेजा के पास ईशांत को पीछे छोड़ने का मौका: रवींद्र जडेजा के पास श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में ईशांत शर्मा को पीछे छोड़ने का मौका होगा। दरअसल, भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाजों की लिस्ट में अभी जडेजा छठे नंबर पर हैं और उन्होंने 7 मुकाबलों में 33 विकेट चटकाए हैं। जडेजा अगर 4 विकेट निकालने में कामयाब रहते हैं, तो वो ईशांत शर्मा को पीछे छोड़कर टॉप 5 में शामिल हो जाएंगे। ईशांत ने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 36 विकेट झटके हैं।

--आईएएनएस

एसएम/एएस