भारत बनाम आयरलैंड: हैरी टेक्टर का 'अनूठा शतक', इस मामले में तीसरे पायदान पर पहुंचे
बेलफास्ट, 28 जून (आईएएनएस)। हैरी टेक्टर फुल मेंबर देश की तरफ से टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों का शतक लगाने वाले तीसरे सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। टेक्टर ने 26 साल 304 दिन की उम्र में भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में उतरने के साथ यह कारनामा किया।
इस लिस्ट में पाकिस्तान के शादाब खान शीर्ष पर हैं, जिन्होंने 25 साल 239 दिन की उम्र में यह अनूठा शतक लगाया था, जबकि उनके हमवतन शाहीन अफरीदी ने 25 साल 310 दिन की उम्र में अपना 100वां टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था।
रविवार को सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड की टीम ने 8 विकेट खोकर 154 रन बनाए। आयरलैंड ने 48 के स्कोर तक 3 विकेट गंवा दिए थे। यहां से हैरी टेक्टर ने बेंजामिन कैलिट्ज के साथ चौथे विकेट के लिए 43 गेंदों में 65 रन जुटाकर टीम को संभाला।
बेंजामिन कैलिट्ज ने 23 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 37 रन की पारी खेली। इस टीम ने 113 के स्कोर तक 5 विकेट गंवा दिए। यहां से टेक्टर ने जॉर्ज डॉकरेल के साथ छठे विकेट के लिए 31 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। हेरी टेक्टर 47 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ 53 रन बनाकर आउट हुए, जबकि डॉकरेल ने 19 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। भारत की तरफ से प्रिंस यादव ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए। अर्शदीप सिंह और शिवम दुबे ने 2-2 विकेट निकाले। एक विकेट हर्षित राणा ने अपने नाम किया।
भारतीय टीम इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव के साथ उतरी है।
वहीं, आयरलैंड टिम टेक्टर, रॉस अडायर, हैरी टेक्टर, लोर्कन टकर (विकेटकीपर/कप्तान), बेंजामिन कैलिट्ज, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, लियाम मैक्कार्थी, मैथ्यू हम्फ्रीज, जय मूंदड़ा और मैथ्यू होलार्ड के साथ यह मैच खेल रही है।
--आईएएनएस
आरएसजी
