भारत बनाम अफगानिस्तान: बुमराह का एक और बड़ा कारनामा, भुवनेश्वर-चहल के 'खास क्लब' में बनाई जगह
नई दिल्ली, 13 सितंबर (आईएएनएस)। भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। टॉस जीतकर भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। मैच की दूसरी ही गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने गुरबाज को आउट करने के साथ ही टी20 क्रिकेट में खास मुकाम हासिल कर लिया है।
बुमराह ने मैच के पहले ही ओवर में विकेट लेने के साथ ही टी20 क्रिकेट में 350 विकेट पूरे कर लिए हैं। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले भारत की ओर से महज तीसरे गेंदबाज बने हैं। बुमराह से पहले यह मुकाम युजवेंद्र चहल और भुवनेश्वर कुमार ही हासिल कर सके हैं। बुमराह लंबे समय बाद भारत की टी20 टीम में वापसी कर रहे हैं। बुमराह ने इस मैच से पहले अपना आखिरी टी20 8 मार्च, 2026 को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। भले ही बुमराह इंजरी से वापस लौटे हों, लेकिन उनकी गेंदबाजी में शुरुआत से ही वही धार नजर आई, जिसके वह जाने जाते हैं।
भारतीय टीम ने पहले टी20 में 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के ऊपर संजू सैमसन को तरजीह दी है। संजू अभिषेक शर्मा के साथ पारी का आगाज करते हुए नजर आएंगे। प्रैक्टिस सेशन के दौरान चोट लगने से ईशान किशन के खेलने पर संशय बरकरार था, लेकिन वह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा हैं।
तिलक वर्मा और श्रेयस अय्यर के ऊपर मिडिल ऑर्डर की जिम्मेदारी होगी। नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे और अक्षर पटेल के रूप में भारतीय टीम ने प्लेइंग इलेवन में तीन ऑलराउंडर को जगह दी है। बुमराह का साथ देने के लिए अर्शदीप सिंह को रखा गया है। वरण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल स्पिन गेंदबाजी की कमान संभालेंगे।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम इस मुकाबले में संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रित बुमराह और वरुण चक्रवर्ती के साथ मैदान पर उतरी है।
इब्राहिम जादरान की अगुवाई में अफगानिस्तान रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदीन नायब, मोहम्मद नबी, राशिद खान, मुजीब उर रहमान, नूर अहमद और फजलहक फारूकी के साथ इस मुकाबले में खेल रही है।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी
