Aapka Rajasthan

भाजपा, शिअद के अलावा अन्य दलों के नेताओं ने सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की निंदा की

नई दिल्ली, 13 अगस्त (आईएएनएस)। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) प्रमुख व पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार को हुए हमले की भाजपा, शिअद नेताओं समेत गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने कड़ी निंदा की।
 

नई दिल्ली, 13 अगस्त (आईएएनएस)। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) प्रमुख व पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार को हुए हमले की भाजपा, शिअद नेताओं समेत गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने कड़ी निंदा की।

शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि मैं ईश्वर का शुक्रगुजार हूं कि गुरु साहिब ने अपनी कृपा से सुखबीर सिंह बादल की जान बचाई। मैं इस पूरी घटना की निंदा करता हूं। गुरुद्वारों में गुरु साहिब की शिक्षाओं का पालन होता है और उन शिक्षाओं में ईश्वर का नाम जपना, सेवा करना, दूसरों के साथ मिल-जुलकर रहना और ईमानदारी से आजीविका कमाना शामिल है। कोई भी गुरुद्वारे में गोली चलाने नहीं जाता, जो कोई भी गुरुद्वारे जाकर गोली चलाता है, उसे गुरु का सिख नहीं माना जाना चाहिए। ऐसा व्यक्ति नास्तिक होता है जो किसी खास मकसद या एजेंडे के साथ आया होता है।

उन्होंने कहा कि हरसिमरत कौर बादल और परिवार के सदस्य एक पारिवारिक यात्रा पर थे और गुरु साहिब के सामने नतमस्तक होकर उनका आशीर्वाद लेने गए थे। पारिवारिक यात्रा के दौरान बच्चों के सामने गुरुद्वारे में ऐसी हरकत करना बेहद निंदनीय है। यह खुफिया तंत्र की एक बड़ी विफलता है और यह विफलता अब दूसरी बार हुई है।

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने कहा कि असामाजिक तत्वों द्वारा उन पर किया गया हमला बेहद निंदनीय है। यहां कुछ शरारती तत्व हैं जो पंजाब का माहौल खराब करना चाहते हैं। आज लोगों के बीच शिअद की स्थिति मजबूत है और इसकी छवि बेहतर हुई है। कुछ ऐसी ताकतें हैं जो इसे बर्दाश्त नहीं कर पा रही हैं, इसीलिए सुखबीर सिंह बादल पर यह निंदनीय हमला किया गया। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं और निष्पक्ष जांच की मांग करते हैं, ताकि दोषियों को सजा मिल सके और हमले के पीछे की ताकतों का पर्दाफाश हो सके।

आम आदमी पार्टी नेता मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि अभी यह पता नहीं चला है कि हमला किसने किया, लेकिन यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है और हम उनके जल्द ठीक होने की कामना करते हैं। महाराष्ट्र सरकार को इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।

दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने कहा कि यह बहुत निंदनीय है। इसकी जितनी भी निंदा की जाए, कम है।

कमेटी के जनरल सेक्रेटरी जगदीप सिंह काहलों ने कहा कि सुखबीर सिंह बादल नांदेड़ गए थे, जहां गुरुद्वारे के अंदर किसी ने उन पर हमला किया, जिससे उन्हें कुछ चोटें आईं। मेरा मानना ​​है कि यह पूरी तरह गलत है। किसी के साथ भी विचारों में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन गुरु घर में, यानी गुरुद्वारे के अंदर इस तरह से किसी पर हमला करना गलत है।

भाजपा नेता विजय सांपला ने कहा कि जब से मैंने इस घटना के बारे में सुना है, मुझे बहुत हैरानी हुई है कि ऐसी घटना एक पवित्र स्थान पर हुई, जहां लोग बिना किसी डर के सिर झुकाने और दर्शन करने जाते हैं। ऐसी घटना निंदनीय है और इससे लोगों की आस्था को भी ठेस पहुंचती है। भारतीय जनता पार्टी हमेशा ऐसी घटनाओं की निंदा करती है। किसी भी व्यक्ति के खिलाफ ऐसा घिनौना काम करना निंदनीय है और मैं इसकी निंदा करता हूं। मैं सुखबीर बादल के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।

भाजपा सांसद तरुण चुघ ने कहा कि ये हिंसक घटना बहुत निंदनीय है। उन्होंने इस हमले को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक बताया।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हुआ राजनीतिक मतभेद का समाधान हिंसा नहीं हो सकता है। प्रशासन से इस घटना की जांच के साथ दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।

महाराष्ट्र सरकार में मंत्री योगेश कदम ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। एसपी को जांच करने के लिए कहा गया है। जांच के बाद ही हमें पता चलेगा कि हमले के पीछे क्या मकसद था, यह क्यों हुआ।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी