Aapka Rajasthan

भाजपा सांसद तरुण चुघ का दावा, पंजाब बना देश की 'क्राइम कैपिटल'

नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सांसद तरुण चुघ ने आम आदमी पार्टी की भगवंत मान सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अपराध दिनोंदिन बढ़ रहा है और पंजाब भारत की 'क्राइम कैपिटल' बन गया है।
 

नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सांसद तरुण चुघ ने आम आदमी पार्टी की भगवंत मान सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अपराध दिनोंदिन बढ़ रहा है और पंजाब भारत की 'क्राइम कैपिटल' बन गया है।

नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा सांसद तरुण चुघ ने कहा कि पंजाब में लोग जिंदा रहने के लिए राज्य सरकार के साथ-साथ माफिया को भी टैक्स दे रहे हैं। राज्य में जबरन वसूली (एक्सटॉर्शन) का पूरा नेटवर्क चल रहा है। लोगों को फोन करके रंगदारी मांगी जाती है और जो मना करते हैं, उन पर हमला किया जाता है। डर के मारे लोग पैसे दे रहे हैं। इसका मतलब है कि राज्य की पुलिस व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है। पुलिस थाने और पुलिसकर्मी हाशिए पर धकेल दिए गए हैं। आम आदमी पार्टी के अधिकारियों, विधायकों और मंत्रियों के दबाव के कारण पंजाब का बहादुर पुलिस बल बेअसर हो गया है। अपराधी बेखौफ होकर काम कर रहे हैं और खुलेआम ड्रग्स बेची जा रही है। आज पंजाब देश की 'क्राइम कैपिटल' बन गया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को राज्य की कोई चिंता नहीं है। 23 पुलिस थानों पर ग्रेनेड से हमले हुए हैं। पंजाब पुलिस मुख्यालय पर रॉकेट लॉन्चर से हमला किया गया। पुलिस की वर्दी और पुलिस थाने ही वे दो चीजें हैं जो लोगों को सुरक्षा का अहसास कराती हैं और उन्हें डर से मुक्त रखती हैं। अगर कोई आम नागरिक शांति से रह रहा है, तो उसे यह भरोसा होता है कि कहीं वर्दीधारी पुलिसकर्मी और पुलिस थाने मौजूद हैं। अब पुलिस थानों पर ग्रेनेड से हमले हो रहे हैं और उनके चारों ओर टीन की दीवारें खड़ी की जा रही हैं। हर गांव में पुलिस थानों के इर्द-गिर्द टीन और जालीदार दीवारें बनाई जा रही हैं, ताकि कोई अंदर ग्रेनेड न फेंक सके। इसका मतलब यह है कि पंजाब के पुलिस थाने डर के माहौल में काम कर रहे हैं। पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने वर्दी पहनकर घर जाने वाले पुलिसकर्मियों को लिखित निर्देश दिए हैं कि वे वर्दी पहनकर घर न जाएं।

भाजपा सांसद ने दावा किया कि पंजाब सरकार ने माफिया के सामने घुटने टेक दिए हैं। आज पंजाब पूरी तरह से ड्रग माफिया के कब्जे में है। हर गली, हर मोहल्ले और हर गांव में नशा बिक रहा है। भगवंत मान के नेतृत्व वाला प्रशासन और सरकार इसे रोकने या इसकी सप्लाई चेन को तोड़ने में पूरी तरह नाकाम रही है।

उन्होंने कहा कि सीएम भगवंत मान को पंजाब की जनता की चिंता नहीं है, पंजाब जल रहा है और वे परिवार के साथ विदेश जाते हैं और पर्यटन का आनंद उठा रहे हैं। इससे वे सीधे तौर पर पंजाब का नाम बदनाम कर रहे हैं।

--आईएएनएस

डीकेएम/पीएम