Aapka Rajasthan

भाजपा नेताओं ने कहा-इंडी ब्लॉक की बैठक का कोई एजेंडा नहीं, सब जानती है जनता

नई दिल्ली, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। इंडिया ब्लॉक के 6 अक्टूबर को चुनाव आयोग तक प्रस्तावित मार्च पर भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने तंज कसते हुए कहा कि इन दलों की बैठक एक चाय और दो समोसे तक सीमित है।
 

नई दिल्ली, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। इंडिया ब्लॉक के 6 अक्टूबर को चुनाव आयोग तक प्रस्तावित मार्च पर भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने तंज कसते हुए कहा कि इन दलों की बैठक एक चाय और दो समोसे तक सीमित है।

नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में शाहनवाज हुसैन ने कहा कि विपक्ष के पास कोई एजेंडा नहीं है। इंडी गठबंधन की बैठकें होती हैं, इसमें शामिल लोग आते हैं और एक चाय व दो समोसे खाकर चले जाते हैं। बस इनका यही काम बच गया है। इंडी अलायंस की बैठक में न कोई नीति होती है, न नेता होता है, न एजेंडा होता है, न इनका ऑफिस है, न दफ्तर है और न कोई कन्वीनर है। बस यह लोग पीएम मोदी और भाजपा के विरोध में इकट्ठे होते हैं। हर बैठक में इनका कोई न कोई विकेट गिर जाता है। बैठक में अभी डीएमके समेत कई दल नहीं आए। अखिलेश यादव ने तो शायद उसी दिन जानबूझकर अपनी बैठक रख ली, ताकि उनको आना न पड़े। इसके बावजूद कहते हैं कि मार्च करेंगे। जब तमिलनाडु, केरल, तेलंगाना और हिमाचल में जीत जाते हैं तो वहां ईवीएम, चुनाव आयोग और एसआईआर सब अच्छा होता है। अगर हार जाते हैं, तो चुनाव आयोग को दोष देते हैं। इनका यही काम रह गया है। जनता सब जानती है।

राजद के नेता तेजस्वी यादव द्वारा बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए जाने पर शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार में कानून का राज है। यह बड़ा राज्य है और बड़े राज्य में कानून के पालन का जो पैमाना है, उसमें बिहार बहुत ऊपर है। कभी कोई घटना होती है, तो उस पर तुरंत कार्रवाई होती है। बिहार में किसी को कानून को हाथ में लेने की इजाजत नहीं है। तेजस्वी यादव विपक्ष में हैं, तो आलोचना तो करेंगे ही लेकिन बिहार की जनता सीएम सम्राट चौधरी की सरकार से खुश है।

फ्लाईदुबई की फ्लाइट में त्रासदी को टालने वाले भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ करते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा कि कैप्टन स्मित देश के हीरो हैं। उन्होंने भारत का नाम रोशन किया है। घायल होने के बावजूद 174 यात्रियों की जिंदगी बचाने का काम किया है। मैं उनको बहुत बधाई देता हूं। मैं जानता हूं कि कॉकपिट में जब एक सहयोगी हमला कर दे, तो कितनी मुश्किल स्थिति पैदा हुई होगी। उसके बाद भी उन्होंने संयम का परिचय दिया और जहाज को सुरक्षित उतारा। उनको जितनी भी बधाई दी जाए, कम है। प्रधानमंत्री मोदी ने उनके पूरे परिवार से बात कर उनकी प्रशंसा की।

वहीं, भाजपा नेता गुरु प्रकाश पासवान ने भी कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ की। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया में इस बात का स्वागत किया जा रहा है कि भारत के एक व्यक्ति ने उस हवाई जहाज को पूरी सुरक्षा और स्थिरता के साथ लैंड ही नहीं कराया बल्कि यह एक संदेश है, यह ग्लोबल मैसेज है कि एक भारतवासी के अंदर भी इतना पुरुषार्थ और इतना पराक्रम होता है कि वह सबकी चिंता करता है। अपनी चिंता किए बगैर सबकी सुरक्षा उसकी सर्वोपरि प्राथमिकता होती है। यह स्वागत योग्य बात है।

इंडिया ब्लॉक के 6 अक्टूबर को चुनाव आयोग तक प्रस्तावित मार्च पर गुरु प्रकाश पासवान ने कहा कि इस मार्च का कोई मतलब नहीं है। ये लोग घेराव क्यों करते हैं? इनकी पार्टी के अंदर कितना लोकतंत्र है। किसी की मां-बेटे की पार्टी है, किसी की भाई-भाई की पार्टी है, किसी की बुआ-भतीजे की पार्टी है और किसी की मौसी की पार्टी है। उन्होंने कहा कि पहले यह लोग अपनी पार्टी के अंदर लोकतंत्र की रक्षा करें, उसके बाद देश के लोकतंत्र की चिंता करें। शुद्ध रूप से यह घमंडियों और पाखंडियों का गठबंधन बन गया है।

--आईएएनएस

डीकेएम/पीएम