भाजपा जो चाहे, वही जदयू में होता है, संजय झा ने जेडीयू को बर्बाद कर दिया : तेजस्वी यादव
पटना, 15 सितंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को बिहार की एनडीए सरकार और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार समस्याओं का समाधान करने के बजाय भ्रष्टाचार और अपराध को बढ़ावा दे रही है।
साथ ही उन्होंने जदयू के वरिष्ठ नेता संजय झा पर भी तीखा हमला बोला। मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि वह शुरू से कहते रहे हैं कि मौजूदा सरकार बिहार की समस्याओं का समाधान करने के लिए नहीं आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का उद्देश्य बिहार की जनता की समस्याओं को दूर करना नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार और अपराध को बढ़ावा देना तथा सरकारी खजाने को खाली करना है।
तेजस्वी ने कहा कि आज बिहार का हर वर्ग परेशान है। लोग महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रहे हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति भी खराब है। उन्होंने दावा किया कि सरकारी अस्पतालों में सामान्य उपचार तक ठीक से नहीं हो पा रहा है। उनके मुताबिक, सरकार के कार्यकाल में जो कुछ बचा है, उसे भी लूटने का काम किया जा रहा है।
बाढ़ की स्थिति को लेकर तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्र सरकार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बिहार में बाढ़ से बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है, ऐसे में मुख्यमंत्री को प्रधानमंत्री से मिलकर विशेष पैकेज की मांग करनी चाहिए थी।
उन्होंने सवाल किया कि नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र की टीम आने की जरूरत क्यों पड़ रही है, जबकि राज्य सरकार को खुद पता होना चाहिए कि बिहार को कितना नुकसान हुआ है। तेजस्वी ने कहा कि बिहार को तत्काल विशेष सहायता की जरूरत है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य में एक ही गठबंधन की सरकार होने के बावजूद बिहार को अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। उन्होंने सवाल किया कि बाढ़ के कारण जब लोग परेशान हैं तो राहत पैकेज की घोषणा क्यों नहीं की जा रही है।
उन्होंने बिहार में बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि सरकार के पास बिहार को आगे ले जाने का न तो कोई स्पष्ट विजन है और न ही रोडमैप। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल घोषणाओं और फोटो सेशन तक सीमित है।
तेजस्वी ने कहा कि बिहार के लोगों को अपने अधिकार और सहायता के लिए सरकार को बार-बार पत्र लिखने और मांग करने की जरूरत पड़ रही है।
जदयू पर निशाना साधते हुए तेजस्वी यादव ने कहा, "भाजपा जो चाहेगी, वही जदयू में होगा और वही संजय झा करवाते हैं।" उन्होंने आरोप लगाया कि संजय झा ने जदयू को बर्बाद कर दिया है। तेजस्वी ने कहा कि जदयू में अब भाजपा की इच्छा के मुताबिक फैसले लिए जा रहे हैं।
यूसीसी के मुद्दे पर तेजस्वी ने कहा कि राजद ने पहले भी इसका विरोध किया था और ऐसे कानून के खिलाफ उसका विरोध आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि राजद बिहार के हितों और आम लोगों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाता रहेगा।
--आइएएनएस
एमएनपी/डीकेपी
