Aapka Rajasthan

भाईदूज पर शीतकाल के लिए बंद हुए केदारनाथ धाम के कपाट, पंचमुखी डोली ऊखीमठ के लिए रवाना: हेमंत द्विवेदी

रुद्रप्रयाग, 11 नवंबर (आईएएनएस)। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट भाई दूज के पावन अवसर पर बुधवार सुबह 8:30 बजे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा का समापन हो गया। इसके बाद बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनके शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर के लिए रवाना हुई।
 

रुद्रप्रयाग, 11 नवंबर (आईएएनएस)। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट भाई दूज के पावन अवसर पर बुधवार सुबह 8:30 बजे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा का समापन हो गया। इसके बाद बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनके शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर के लिए रवाना हुई।

कपाट बंद होने के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम में मौजूद रहे। इस दौरान पूरा केदारनाथ परिसर बाबा केदार के जयकारों से गूंज उठा। कपाट बंद होने का क्षण श्रद्धालुओं के लिए बेहद भावुक रहा। भक्तों ने बाबा केदार से अगले वर्ष फिर दर्शन देने की प्रार्थना की।

बद्रीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि इस वर्ष केदारनाथ धाम में नया कीर्तिमान स्थापित हुआ है। देश-विदेश से करीब 19.5 लाख श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन करने पहुंचे और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

वहीं, मंदिर समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सोहन सिंह रंगाड़ ने कहा कि आज केदारनाथ धाम के मुख्य कपाट शीतकाल के लिए बंद किए जा रहे हैं। इसके बाद बाबा की पंचमुखी डोली ऊखीमठ स्थित उनके शीतकालीन प्रवास स्थल के लिए रवाना होगी। उन्होंने इस वर्ष की तीर्थयात्रा को भव्य और दिव्य बताया।

एसपी निहारिका तोमर ने बताया कि 11 नवंबर को सुबह 8:30 बजे सभी पारंपरिक अनुष्ठान पूरे करने के बाद केदारनाथ धाम के कपाट विधि-विधान से बंद किए गए। इस दौरान सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम किए गए थे।

वहीं, एक श्रद्धालु ने कहा कि कपाट बंद होने का क्षण उनके लिए बेहद भावुक है। छह महीने बाद भगवान शिव दोबारा केदारनाथ धाम में विराजमान होंगे। उन्होंने इस पावन अवसर पर मौजूद रहने को अपना सौभाग्य बताया। अब शीतकाल के दौरान बाबा केदार की पूजा-अर्चना ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में होगी।

बता दें कि श्री केदारनाथ धाम में कपाट बंद करने की प्रक्रिया पारंपरिक वैदिक मंत्रोच्चार और 'हर हर महादेव' के जयघोष के बीच संपन्न हुई। सर्दियों के महीनों के लिए मंदिर के कपाट बंद होने से पहले भक्तों के पास हिंदू धर्म के इन अत्यंत पवित्र तीर्थस्थलों में से एक में प्रार्थना करने का यह आखिरी मौका था।

हालांकि सर्दियों के महीनों में यमुनोत्री का मुख्य मंदिर बंद रहेगा, लेकिन भक्त खरसाली में देवी यमुना के दर्शन कर सकते हैं और वहां प्रार्थना कर सकते हैं। इस अवसर का विशेष धार्मिक महत्व है, क्योंकि वार्षिक तीर्थयात्रा का समापन हो रहा है और देवी-देवताओं को उनके शीतकालीन आवासों में ले जाया जा रहा है।

इस बीच, चार धाम यात्रा भी इस साल अपने समापन की ओर है। सर्दियों की शुरुआत के साथ ही अधिक ऊंचाई पर स्थित इन तीर्थस्थलों तक पहुंचना काफी कठिन हो जाता है। श्री गंगोत्री धाम 10 नवंबर को बंद हो गया, जबकि श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट 13 नवंबर को बंद होंगे। इसके साथ ही इस सीजन की वार्षिक चार धाम यात्रा संपन्न होगी।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम