भगवान श्रीकृष्ण को लेकर मौलाना जर्जिस अंसारी के बयान पर विपक्ष ने जताई आपत्ति, कहा- कार्रवाई होनी चाहिए
नई दिल्ली, 16 जुलाई (आईएएनएस)। भगवान श्रीकृष्ण को लेकर मौलाना जर्जिस अंसारी के विवादित बयान पर विपक्षी दलों ने भी आपत्ति जताई है। एक वायरल वीडियो में मौलाना जर्जिस अंसारी ने कथित तौर पर दावा किया था कि भगवान कृष्ण मुस्लिम थे और नमाज पढ़ते थे। इस बयान के बाद भाजपा और साधु-संतों ने सपा मुखिया अखिलेश यादव को घेरना शुरू किया तो पार्टी की ओर से कहा गया कि ऐसे मौलाना सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए विवादित बयान देते हैं।
मौलाना के विवादित बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि मूर्खों की बातों पर किसी को कोई टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, भाजपा समर्थक चाहे वे खुद को धार्मिक गुरु कहने वाले लोग हों या कट्टरपंथी मौलाना, माहौल खराब करने के लिए ऐसी बातें कहेंगे। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने कहा कि ऐसे लोग मौलाना नहीं हो सकते। वे भाजपा के एजेंडे को आगे बढ़ाने का काम करते हैं। भाजपा ने कुछ ऐसे लोगों को संरक्षण दिया है, जो उनके एजेंडे को बढ़ावा दें और समाज में विघटन की स्थिति पैदा करें। यह उसी प्रकार का प्रयास है।
शिवसेना (यूबीटी) की नेता किशोरी पेडनेकर ने कहा कि सबसे पहले तो मौलाना की पिटाई होनी चाहिए, बुरी तरह पिटाई होनी चाहिए। वह लगातार गैर-जिम्मेदाराना बयान देते रहते हैं।
उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति ने यह दावा किया था कि हमारी झांसी की रानी जैन थीं, उसकी भी पिटाई होनी चाहिए। जब भी कोई मुद्दा शांत होता है तो दूसरा मुद्दा सामने आ जाता है। अब जो यह मौलाना श्री कृष्ण को लेकर बयान दे रहा है, यह निंदनीय है। मौलाना को ऐसी बेबुनियाद बातें करने से पहले सोचना चाहिए।
समाजवादी पार्टी (सपा) नेता पवन पांडे ने कहा कि मौलाना की बात पर क्या ही कहा जाए, इन सब बातों को छोड़िए। लोग सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए ऐसी विवादित हरकतें करते हैं। मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि हर व्यक्ति को अपने धर्म और आस्था की सीमाओं में रहना चाहिए। सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए किसी को भी जरूरत से ज्यादा ज्ञान दिखाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। मुस्लिम मस्जिद में नमाज पढ़े, संविधान के दायरे में काम करना चाहिए। सस्ती लोकप्रियता के लिए विवादित बयान नहीं देना चाहिए।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम
