भगवान शिव पर मौलाना जरजिस के आपत्तिजनक बयान पर आचार्य प्रमोद कृष्णम बोले-दूसरे धर्मों का अपमान करने वाला नहीं है मुसलमान
मुरादाबाद, 2 अगस्त (आईएएनएस)। भगवान शिव को लेकर मौलाना जरजिस अंसारी के आपत्तिजनक बयान पर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि जो भी मौलाना इस तरह के बयान देता है, मैं उसे मुसलमान ही नहीं मानता।
मुरादाबाद पहुंचे आचार्य प्रमोद कृष्णम से जब मौलाना जरजिस अंसारी के बयान पर प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने कहा कि कोई भी मुसलमान दूसरे धर्मों का अपमान नहीं करता है और अगर करता है तो वह मुसलमान नहीं है। मौलाना जरजिस अंसारी को पहले इस्लाम की तालीम लेनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि भगवान से मैं प्रार्थना करता हूं कि मौलाना जरजिस अंसारी को सद्बुद्धि मिले। संसद परिसर में पप्पू यादव के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि दिल्ली में एक नाट्य कला अकादमी है। राहुल गांधी जबसे नेता प्रतिपक्ष बने हैं तब से उनका इरादा भारत की संसद को थियेटर बनाने का है। पप्पू यादव से आग्रह है कि अगर वह थियेटर में काम करना चाहते हैं तो कुछ दिनों में रामलीला शुरू हो रही है, उसमें वह कालनेमि, खरदूषण, मेघनाथ का पाठ करें लेकिन सनातन का अपमान करने का प्रयास न करें।
उन्होंने कहा कि सनातन हिन्दुओं का विषय है। यह राहुल गांधी का विषय नहीं है। कांग्रेस पार्टी के प्रदर्शन पर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि उनके हुड़दंग को प्रदर्शन नहीं कहना चाहिए। यह हुड़दंग था और पीएम मोदी ने बच्चा समझकर माफ कर दिया है। यह उनकी विराटता को दिखाता है क्योंकि पीएम मोदी ने बुद्ध की करुणा, महावीर की अहिंसा और महात्मा गांधी के सत्य को आत्मसात करते हुए खुद को और अपने माता-पिता को गाली देने वालों को माफ कर दिया है।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने भले माफ कर दिया हो लेकिन देश की जनता इन देशद्रोहियों को कभी माफ नहीं करने वाली है। वंदे मातरम को लेकर दिए गए ओवैसी के बयान पर आचार्य प्रमोद ने कहा कि सच्चा मुसलमान पांच वक्त वंदे मातरम करता है, ओवैसी को यह समझना चाहिए।
बता दें कि आचार्य प्रमोद कृष्णम मुरादाबाद पहुंचे थे, जहां सुधांशु महाराज के सानिध्य में गुरुकुल का उद्घाटन हुआ। कार्यक्रम के बाद आचार्य प्रमोद ने कहा कि मैं देश के माता-पिता से अनुरोध करना चाहता हूं कि अगर वह चाहते हैं कि उनके बच्चे गुमराह न हों तो उन्हें अपने बच्चों को गुरुकुल का रास्ता दिखाना पड़ेगा।
--आईएएनएस
एएमटी/पीएम
