Aapka Rajasthan

भगवान बुद्ध और डॉ. अंबेडकर ने समाज में व्याप्त असमानता को खत्म किया : संजय निषाद

नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने सामाजिक न्याय और संवैधानिक व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध और डॉ. भीमराव अंबेडकर ने समाज में व्याप्त असमानता को खत्म कर सभी को बराबरी का अधिकार दिलाया। संविधान की मूल भावना भी गरीबों के उत्थान और समान अवसर सुनिश्चित करने की है।
 
उन्होंने विपक्षी दलों पर इस विचारधारा से भटकने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी वजह से जनता आज पीएम मोदी और सीएम योगी के नेतृत्व पर भरोसा जता रही है।

उत्तर प्रदेश के मंत्री संजय निषाद ने कहा, "लोगों के अपने विचार होते हैं और विचारधारा के हिसाब से वे राजनीति करते हैं। पहले एक विचारधारा थी कि झोपड़ी वाले कमाएंगे, खोपड़ी वाले खाएंगे। झोपड़ी वालों को भगवान ने गरीब बना दिया और खोपड़ी वालों को अमीर बना दिया। जब बुद्ध आए, तो सब बराबर हो गए। अंबेडकर आए, तो कहा गया कि सब लोग मिलकर कमाएंगे और सभी भगवान के समान बच्चे हैं।"

उन्होंने कहा कि अमीरों के टैक्स के पैसे से गरीबों के बच्चों को पढ़ाएंगे और विकास का उदाहरण लाएंगे। ये संवैधानिक विचारधारा है। संवैधानिक विचारधारा पर लोगों को रहना चाहिए और ये बुद्ध की विचारधारा की बात है। सारे राजनीतिक दल कहते हैं कि हम भारत के सभी लोगों को सम्मान, सुरक्षा, समृद्धि, समानता और स्वावलंबन देंगे, लेकिन सत्ता में आने के बाद भूल जाते हैं।

संजय निषाद ने कहा कि ये लोग जिनकी बात कर रहे हैं, उन्हें सत्ता में आने के बाद भूल गए और अब जनता इन्हें भुला रही है और पीएम मोदी और सीएम योगी को बुला रही है।

अखिलेश यादव की 60 सीटों वाली टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि हम लोग राजनीति में खाना खाने नहीं आए हैं, सामाजिक मुद्दों को हल करने के लिए भाजपा के साथ आए हैं। इन मुद्दों को भाजपा ही हल करेगी और उस पर पहल कर रही है। भाजपा जब सामाजिक मुद्दे हल नहीं करेगी, दरवाजा बंद करेगी, तब उस पर विचार किया जाएगा।

निषाद पार्टी 21 अक्टूबर को नई दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में एक विशाल संवैधानिक अधिकार महासम्मेलन का आयोजन कर रही है। इसे लेकर मंत्री निषाद ने कहा कि मुद्दे हल हों, इसके लिए हम लगातार प्रयास कर रहे हैं और निषाद समाज में जागरूकता फैला रहे हैं।

--आईएएनएस

केके/एबीएम