भगत सिंह की जयंती पर राहुल गांधी और खड़गे समेत विपक्ष के कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली, 28 सितंबर (आईएएनएस)। क्रांतिकारी शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन समेत विपक्ष के कई नेताओं ने श्रद्धांजलि दी है। राहुल गांधी ने कहा कि भारत की आजादी के लिए भगत सिंह का संघर्ष, अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान हम सभी के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “महान क्रांतिकारी शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर उन्हें सादर नमन। भारत की आजादी के लिए उनका संघर्ष, अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान हम सभी के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।”
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले महान क्रांतिकारी शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन। भगत सिंह ने केवल ब्रिटिश हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष नहीं किया, बल्कि सामाजिक असमानता और समाज को बांटने वाली ताकतों के खिलाफ भी अपनी कलम और विचारों से आवाज बुलंद की। उनका साहस, वैचारिक दृढ़ता और न्यायपूर्ण समाज का सपना आज भी करोड़ों युवाओं को प्रेरित करता है।”
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पोस्ट में लिखा, “भारत माता के वीर सपूत, महान क्रांतिकारी और देश के गौरव शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। उनका नाम इतिहास के पन्नों में हमेशा अमर रहेगा और हर भारतीय के दिल में देशभक्ति की लौ जलाता रहेगा। ज़ुल्म के खिलाफ उनकी बुलंद आवाज और उनका साहस हर दौर में देशभक्तों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।”
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी भगत सिंह को नमन किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “महान क्रांतिकारी शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर शत शत नमन।”
एनसीपी-एसपी के प्रमुख शरद पवार ने लिखा, “आजादी के लिए निडर होकर अपने प्राणों की आहुति देने वाले क्रांतिकारी शहीद भगत सिंह की जयंती पर उन्हें विनम्र अभिवादन। अन्याय के विरुद्ध उनका संकल्प, राष्ट्र के प्रति अटूट निष्ठा और बदलाव की प्रबल विचारधारा हर पीढ़ी को प्रेरित करती रहेगी।”
--आईएएनएस
डीसीएच/
