भागलपुर में 24 हजार से अधिक नए राशन कार्ड जारी, लाभुकों के बीच किया गया वितरण
भागलपुर, 12 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की ओर से भागलपुर जिले में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत पात्र परिवारों को जन वितरण प्रणाली से जोड़ने के अभियान में बड़ी प्रगति हुई है। जिले में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप 24 हजार से अधिक नए राशन कार्ड जारी किए जा चुके हैं।
गुरुवार को पटना के ज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के विभिन्न जिलों के चिन्हित लाभुकों को नवनिर्मित राशन कार्ड तथा नवचयनित जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेताओं को अनुज्ञप्ति पत्र (लाइसेंस) वितरित किए।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिहार के सभी 38 जिलों में किया गया।
भागलपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय ने चिन्हित लाभुकों को नए राशन कार्ड वितरित किए। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने जिले में 23,856 राशन कार्डों के माध्यम से करीब 1,01,386 लाभुकों को जोड़ने का लक्ष्य तय किया था, जिसके विरुद्ध 24 हजार से अधिक राशन कार्ड निर्गत किए जा चुके हैं।
प्रशासन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य पात्र और जरूरतमंद परिवारों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत सस्ती दरों पर खाद्यान्न उपलब्ध कराना और उन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जोड़ना है।
इसके साथ ही सार्वजनिक वितरण प्रणाली के सुदृढ़ीकरण के तहत जिले में कुल 336 रिक्तियों के विरुद्ध 258 योग्य आवेदकों का जन वितरण प्रणाली विक्रेता के रूप में चयन किया गया है।
इस अवसर पर नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) राकेश रंजन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुधीर कुमार तथा अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा कि पटना के ज्ञान भवन में 23.75 लाख नए लाभुकों को राशन कार्ड वितरित करने एवं 1,448 नई जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों को अनुज्ञप्ति प्रदान की। हमारी सरकार का संकल्प है कि बिहार का कोई भी गरीब भूखा न सोए और हर पात्र परिवार तक खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुंचे।
--आईएएनएस
एएसएच/एबीएम
