Aapka Rajasthan

भागलपुर में जदयू सांसद अजय मंडल के आवास से चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

भागलपुर, 10 जून (आईएएनएस)। बिहार के भागलपुर में जदयू सांसद अजय कुमार मंडल के तिलकामांझी स्थित आवास सह कार्यालय में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। पुलिस ने झारखंड के गोड्डा मुफ्फसिल इलाके के कटना दियारा गांव से एक आरोपी अमन कुमार झा को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी गोड्डा मुफ्फसिल थाने की पुलिस के सहयोग से भागलपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में की गई।
 
भागलपुर सिटी एसपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने आईएएनएस से बात करते हुए बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही मामले में चोरी हुए सामान भी बरामद कर लिए गए हैं। बरामद सामान में सीसीटीवी डीवीआर, कंप्यूटर, डेस्कटॉप मॉनिटर, कीबोर्ड, सांसद के कार्यालय से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और 35 राउंड कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा आरोपी के पास से एक पिस्टल भी बरामद की गई है, जो सांसद के अंगरक्षक निरंजन कुमार की बताई जा रही है।

उन्होंने बताया कि यह घटना 8 जून की रात तिलकामांझी बैंक कॉलोनी स्थित सांसद के आवास सह कार्यालय में हुई थी। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने कार्यालय से न सिर्फ इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी किया, बल्कि सुरक्षा कर्मी का हथियार और गोला-बारूद भी अपने साथ ले गया। इसके साथ ही सांसद के हस्ताक्षर वाले कुछ ब्लैंक लैटरपैड भी गायब पाए गए, जिससे उनके दुरुपयोग की आशंका जताई गई है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए सीसीटीवी डीवीआर को भी साथ ले लिया था, ताकि उसकी पहचान न हो सके। हालांकि तकनीकी जांच और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने आरोपी की पहचान अमन झा के रूप में की। इसके बाद गोड्डा जिले में स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया गया।

सांसद अजय मंडल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि घटना के समय उनके सुरक्षा कर्मी निरंजन कुमार किसी कार्य से सर्किट हाउस गए थे और जल्दबाजी में अपनी सरकारी पिस्टल कार्यालय में ही छोड़ गए थे। इसी दौरान अपराधियों ने कार्यालय को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं। बरामद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक जांच भी की जा रही है।

--आईएएनएस

एसएके/डीएससी