भवानीपुर में कमल खिलेगा, ममता डरी हुई हैं : सुवेंदु अधिकारी
कोलकाता, 23 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का बिगुल बजने के बाद से टीएमसी और भाजपा नेताओं में बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और भवानीपुर से प्रत्याशी सुवेंदु अधिकारी ने प्रदेश की सीएम ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि भवानीपुर में कमल खिलेगा, इसे कोई रोक नहीं सकता है।
भाजपा प्रत्याशी सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि भवानीपुर का माहौल कमल के पक्ष में है, जिसकी वजह से ममता बनर्जी डर गई हैं। लेकिन, यहां तो कमल खिलकर रहेगा।
कोलकाता में मीडिया से बातचीत के दौरान सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि भाजपा भवानीपुर में बहुत गंभीरता से चुनाव लड़ रही है। हम निश्चित रूप से जीतेंगे। यहां कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की जीत के पीछे कुछ महत्वपूर्ण कारण हैं, जैसे कि वर्तमान सरकार से जनता नाराज है और इस बार सनातनी एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल चुनाव में टीएमसी की हार तय है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान पर सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि उन्होंने डर की वजह से इस तरह के वाक्य कहे हैं। इससे साफ होता है कि वह डर के मारे ही ऐसा कह रही हैं।
बताते चलें कि भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी के बीच कड़ा मुकाबला है। सीएम ने इस सीट पर गड़बड़ी की आशंका जताई है।
भवानीपुर में दूसरे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होना है। टीएमसी ने एक महीने के चुनाव प्रचार की योजना बनाई है, जबकि ममता बनर्जी राज्य भर में रैलियों को संबोधित करेंगी।
खबरों के अनुसार, उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को मतदान के दिन से लेकर मतगणना तक सतर्क रहने का निर्देश दिया है और किसी भी कथित गड़बड़ी के खिलाफ चेतावनी दी है।
टीएमसी ने इस बार पार्टी सदस्यों से बिजली कटौती के प्रति सतर्क रहने का आग्रह किया है और इस बात पर जोर दिया है कि जनादेश को पलटने के प्रयास बाद में भी किए जा सकते हैं।
बंगाल विधानसभा के लिए दो चरण में मतदान कराए जाएंगे, जबकि परिणाम 4 मई को घोषित किया जाएगा।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम
