Aapka Rajasthan

बेंगलुरु में दो लोगों की हत्या, पत्नी पर दोस्त के साथ मिलकर पति और 4 साल के बेटे की हत्या का शक

बेंगुलुरु, 18 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तरी बेंगलुरु के चिक्काबनावर इलाके में सोमवार तड़के एक 34 साल के व्यक्ति और उनके चार साल के बेटे की लाश उनके घर में मिली। पुलिस ने व्यक्ति की पत्नी और अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
 

बेंगुलुरु, 18 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तरी बेंगलुरु के चिक्काबनावर इलाके में सोमवार तड़के एक 34 साल के व्यक्ति और उनके चार साल के बेटे की लाश उनके घर में मिली। पुलिस ने व्यक्ति की पत्नी और अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

मृतकों की पहचान 34 वर्षीय अभिनंदन और उनके चार साल के बेटे के तौर पर हुई है। चिक्काबनावर के गुट्टे बसवेश्वर नगर में 9वें क्रॉस पर स्थित एक घर में अभिनंदन अपनी पत्नी हरिणी और बेटे के साथ रहते थे। माना जा रहा है कि मौत 16 अगस्त की रात 10 बजे से 17 अगस्त की सुबह 6 बजे के बीच हुई।

चिक्काबनावर पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर के अनुसार, अभिनंदन की मां भाग्यम्मा को सुबह करीब 6:30 बजे एक रिश्तेदार का फोन आया, जिसमें उन्हें बताया गया कि उनके बेटे और पोते की लाश घर पर मिली है। वह सुबह करीब 9:15 बजे घर पहुंचीं और देखा कि अभिनंदन के चेहरे, हाथों और पैरों पर चोटें थीं और सिर से खून बह रहा था। उनके पास ही चार साल के बच्चे की लाश मिली।

शिकायत में बच्चे का गला घोंटकर हत्या किए जाने की अंदेशा जताई गई है। भाग्यम्मा ने आरोप लगाया है कि उनकी बहू हरिणी का एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर (विवाह-बाहर संबंध) चल रहा था और वह पहले विनय नामक एक व्यक्ति के साथ चली गई थी लेकिन करीब दो महीने बाद लौट आई थी। उन्हें शक है कि हत्याओं का संबंध इस कथित रिश्ते या किसी अन्य कारण से हो सकता है और उन्होंने हरिणी व अन्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने हरिणी और अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 238 और 103(1) के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस को शक है कि दंपति के बीच अक्सर होने वाले झगड़ों के कारण यह कथित अपराध हुआ हो सकता है और वे इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या हरिणी ने किसी साथी की मदद से हत्याओं की योजना बनाई थी। पुलिस इस आरोप की भी जांच कर रही है कि पीड़ितों का दम घोंटकर हत्या की गई थी और मौतों के पीछे के सही हालात और मकसद का पता लगा रही है।

--आईएएनएस

ओपी/पीएम