बेंगलुरु: 84 अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र, युवाओं ने कहा- देश की सेवा करने का सपना पूरा
बेंगलुरु, 23 मई (आईएएनएस)। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में 19वें रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसमें 84 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री शोभा करंदलाजे ने हिस्सा लिया। इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए नव-नियुक्त अभ्यर्थियों को संबोधित किया।
प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन के बाद युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के शब्दों से उन्हें प्रेरणा मिली है।
रोजगार मेले में नियुक्ति पत्र पाने वाले एक युवक ने कहा कि केंद्र सरकार की नौकरी पाकर मुझे बेहद गर्व और खुशी महसूस हो रही है। देश की सेवा करना हमेशा मेरा सपना रहा है। मैं भारत सरकार का आभारी हूं कि युवाओं को ऐसा अवसर दिया जा रहा है। पीएम मोदी का भाषण काफी प्रेरणादायक था और अब मेरे ऊपर बड़ी जिम्मेदारी है। एक अन्य युवक ने कहा कि सरकारी नौकरी मिलना अपने आप में बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि वह बेहद खुश हैं और अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे।
नियुक्ति पत्र पाने वाली एक युवती ने कहा कि नौकरी पाना मेरा लंबे समय से सपना था। आज मैं खुद को बेहद सौभाग्यशाली महसूस कर रही हूं। मेरा परिवार मुझ पर गर्व कर रहा है। मैं सरकार की आभारी हूं और समाज की सेवा की जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाऊंगी। एक अन्य युवती ने बताया कि उनके पिता केंद्रीय सरकारी कर्मचारी हैं और बचपन से उनका भी सपना सरकारी नौकरी पाने का था। उन्होंने कहा कि अब उनका सपना पूरा हो गया है और वह बेहद खुश हैं।
भारतीय रेलवे में नियुक्ति पाने वाली एक अन्य महिला अभ्यर्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को सुनना बहुत अच्छा लगा। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले में शामिल होकर उन्हें यह एहसास हुआ कि भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और महिलाएं भी हर क्षेत्र में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी के भाषण से उन्हें 'वर्क इज वर्शिप' की प्रेरणा मिली। युवती ने बताया कि उनके साथ पूरा परिवार कार्यक्रम में मौजूद था और उनके माता-पिता भी बेहद खुश नजर आए।
--आईएएनएस
पीएसके
