Aapka Rajasthan

बंगाल एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, बीरभूम में भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त, दो गिरफ्तार

कोलकाता, 5 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बीरभूम जिले में एक बड़े ऑपरेशन में भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त किए हैं। गुरुवार की सुबह एसटीएफ ने बीरभूम के मुराराई थाना क्षेत्र के बरोआ गोपालपुर गांव में एक अवैध ठिकाने पर छापा मारा। इस छापेमारी में 1,150 जिलेटिन स्टिक, 989 डेटोनेटर और 12,000 मीटर डेटोनेटिंग कॉर्ड बरामद किए गए।
 
इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजग्राम के मो. रजा शेख उर्फ गुडा और सूरी (तिलपारा) के मुकेश सिंह के रूप में हुई है। मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच चल रही है। पश्चिम बंगाल एसटीएफ का एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) भी इन विस्फोटकों के संभावित इस्तेमाल की जांच कर रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटकों का मिलना गंभीर चिंता का विषय है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ये विस्फोटक कहां से लाए गए थे, इन्हें कहां भेजा जाना था और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क काम कर रहा है। विस्फोटकों का इस्तेमाल अवैध खनन, आपराधिक गतिविधियों या किसी बड़ी साजिश में तो नहीं होना था, इस एंगल से भी जांच की जा रही है।

अवैध हथियारों के खिलाफ एक अलग ऑपरेशन में भी एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। जामुड़िया थाना केस नंबर 310/26 के तहत गिरफ्तार किए गए आरोपी एसके शाहजहां के पास से कुल 21 अवैध हथियार बरामद किए गए। इनमें 6 लंबी बंदूकें, चार 7एमएम पिस्तौल और 11 पाइप गन शामिल हैं। इसके साथ ही 65 राउंड कारतूस भी बरामद किए गए, जिनमें 47 राउंड 8एमएम और 18 राउंड 7.65एमएम के हैं।

पुलिस के अनुसार, एसके शाहजहां एक कुख्यात अपराधी और असामाजिक तत्व है, जो अवैध कोयला व्यापार में भी शामिल रहा है। यह बरामदगी 3 और 5 नवंबर को आसनसोल-दुर्गापुर कमिश्नरेट के अंतर्गत पांडबेश्वर थाना क्षेत्र से की गई।

इससे पहले इसी मामले में खैरुल आलम को 2 अवैध हथियारों के साथ और मो. शमशेर को 15 अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में अब तक कुल 38 हथियार और 122 राउंड कारतूस जब्त किए जा चुके हैं।

--आईएएनएस

एससीएच/एबीएम