Aapka Rajasthan

बंगाल की जनता ने टीएमसी के खिलाफ विद्रोह किया, नीट परीक्षा को लेकर सरकार मुस्तैद: शाहनवाज हुसैन

नई दिल्ली, 16 जून (आईएएनएस)। भाजपा के वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की स्थिति, नीट परीक्षा को लेकर सरकार की तैयारियों और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयानों को लेकर अपनी राय रखी। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी की राजनीतिक जमीन खिसक चुकी है और पार्टी के नेता लगातार उसका साथ छोड़ रहे हैं।
 
बंगाल की जनता ने टीएमसी के खिलाफ विद्रोह किया, नीट परीक्षा को लेकर सरकार मुस्तैद: शाहनवाज हुसैन

नई दिल्ली, 16 जून (आईएएनएस)। भाजपा के वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की स्थिति, नीट परीक्षा को लेकर सरकार की तैयारियों और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयानों को लेकर अपनी राय रखी। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी की राजनीतिक जमीन खिसक चुकी है और पार्टी के नेता लगातार उसका साथ छोड़ रहे हैं।

टीएमसी की मौजूदा स्थिति पर टिप्पणी करते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा कि पार्टी के साथ अब न जनता है और न ही जनप्रतिनिधि। उन्होंने कहा कि टीएमसी के साथ जनता नहीं है। सांसद नहीं हैं, विधायक नहीं हैं, पंचायत के कार्यकर्ता नहीं हैं और मेयर भी नहीं हैं। सभी बारी-बारी से पार्टी से अलग हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी का गठन भी कांग्रेस और वामपंथी दलों से नेताओं को जोड़कर किया गया था, लेकिन अब जनता में पार्टी के खिलाफ भारी आक्रोश है। शाहनवाज़ ने कहा कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी विधायकों का एक बड़ा समूह अलग हो चुका है और दिल्ली में भी कई सांसदों ने खुद को पार्टी से अलग कर लिया है।

भाजपा नेता ने टीएमसी नेताओं की बयानबाजी को दुर्भावनापूर्ण करार देते हुए कहा कि उन्हें यह आत्ममंथन करना चाहिए कि आखिर उनसे कहां चूक हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में बंगाल में कटमनी, गुंडागर्दी और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार का माहौल बना, जिसके चलते जनता ने टीएमसी के खिलाफ विद्रोह कर दिया। उन्होंने कहा कि पहले टीएमसी नेताओं का स्वागत फूलों से होता था, लेकिन अब उनका विरोध अंडों से किया जा रहा है। इसके बावजूद उनकी भाषा और अकड़ में कोई बदलाव नहीं आया है।

टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी के खिलाफ पार्टी सांसद काकोली घोष द्वारा लोकसभा अध्यक्ष को लिखे गए पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा कि कल्याण बनर्जी के खिलाफ पहले से भी कई शिकायतें सामने आती रही हैं। उन्होंने कहा कि काकोली घोष ने स्पीकर महोदय को पत्र लिखा है। अब इस मामले में निर्णय लोकसभा अध्यक्ष ही लेंगे।

नीट परीक्षा को लेकर सरकार की तैयारियों पर शाहनवाज हुसैन ने भरोसा जताते हुए कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और पूरी सरकार परीक्षा प्रक्रिया की लगातार निगरानी कर रही है। उन्होंने कहा कि इस बार परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह मुस्तैद है। इस बार किसी भी प्रकार का पेपर लीक नहीं होगा। सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया है। छात्रों को सरकार पर विश्वास रखना चाहिए, उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा कि राहुल गांधी मुद्दाविहीन हो चुके हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी करना उनकी आदत बन गई है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता के तौर पर राहुल गांधी का यह रवैया उचित नहीं है। जब सरकार नीट परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए पूरी तत्परता से काम कर रही है, तब भी राहुल गांधी इस मुद्दे पर राजनीति करना चाहते हैं।

शाहनवाज हुसैन ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी छात्रों के मुद्दों का राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्र सरकार की नीयत और तैयारियों पर भरोसा रखते हैं तथा सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि नीट परीक्षा निष्पक्ष और बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि दोहराया कि सरकार की प्राथमिकता छात्रों का भविष्य सुरक्षित करना है और परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

--आईएएनएस

पीएसके