बंगाल चुनाव: रूपा गांगुली ने कहा- 'टीएमसी का खेल नहीं चलेगा', स्वपन दासगुप्ता ने जताई हिंसा-मुक्त चुनाव की उम्मीद
कोलकाता, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की 142 विधानसभा सीटों के लिए सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। कई विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के प्रत्याशी सुबह-सुबह मतदान करने पहुंचे। इसी बीच, भाजपा उम्मीदवार रूपा गांगुली ने कहा कि ये (टीएमसी) जितनी भी खेल खेलने की कोशिश करें, लेकिन खेल नहीं कर पाएंगे।
सोनारपुर दक्षिण विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार रूपा गांगुली अपना वोट डालने के लिए राजेंद्र शिक्षा सदन गर्ल्स हाई स्कूल पहुंचीं। वोटिंग के बाद रूपा गांगुली ने कहा, "इस बार सभी लोग सुबह-सुबह ही आ गए हैं। यह मतदान बहुत ही महत्वपूर्ण होने वाला है। ये (टीएमसी) कितना भी खेल खेलने की कोशिश करें, लेकिन खेला नहीं कर पाएंगे।"
रूपा गांगुली ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "मैं बस इतना ही कहूंगी कि अपना वोट खुद डालें और किसी और को अपनी जगह वोट न डालने दें। अपना सीरियल नंबर जरूर चेक करें। अंदर जाएं, हर चीज को ध्यान से देखें और जिम्मेदारी से वोट करें। कृपया सभी नियमों का ठीक से पालन करें।"
वहीं, रासबिहारी निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार स्वपन दासगुप्ता बसंती देवी कॉलेज पहुंचे और अपना वोट डाला। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था बहुत अच्छी है और मतदान बहुत सुचारू रूप से चल रहा है।
स्वपन दासगुप्ता ने कहा, "पहले चरण में दो बातें देखने को मिलीं। पहली यह कि रिकॉर्ड मतदान हुआ और दूसरी यह कि कोई मौत या बड़ी घटना नहीं हुई। कुल मिलाकर, हिंसा की घटनाएं बहुत कम रहीं। हमें उम्मीद है कि दूसरे चरण में भी ऐसा ही होगा, और यह पश्चिम बंगाल चुनावों में एक रिकॉर्ड बनाएगा। अगर बिना किसी मौत, बिना किसी हत्या और बिना किसी राजनीतिक हिंसा के चुनाव संपन्न होता है तो यह एक नए दौर की शुरुआत होगी।"
चंदिताला विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार देबाशीष मुखर्जी ने भी सुबह-सुबह अपना वोट डाला। वे परिवार के साथ बूथ 269 पहुंचे और अपने मत का इस्तेमाल किया। उन्होंने वोटरों से जल्दी वोट डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति ठीक है। हालांकि, ईवीएम में छोटी-मोटी दिक्कतों के कारण वोट देने में थोड़ा समय लग रहा है।
--आईएएनएस
डीसीएच/
