बंगाल चुनाव 2026: भाजपा ने दूसरी लिस्ट की जारी, 111 उम्मीदवारों के नाम शामिल
कोलकाता, 19 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपनी दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 111 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं।
पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इन नामों को मंजूरी दी गई। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
दूसरी सूची में बंगाल की कई अहम सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया गया है। मेक्लिगंज (एससी) से दधिराम रॉय, माथाभांगा (एससी) से निशीथ प्रामाणिक, मदारीहाट (एसटी) से लक्ष्मण लिम्बु, धुपगुड़ी (एससी) से नरेश चंद्र रॉय, मयनागुड़ी (एससी) से कौशिक रॉय, जलपाईगुड़ी (एससी) से अनंत देब अधिकारी और माल (एसटी) से सुकरा मुंडा चुनाव लड़ेंगे।
इसके साथ ही, धुपगुड़ी से नरेश चंद्र रॉय, भरतपुर से अनामिका घोष, दार्जिलिंग से नोमन राय, फरक्का से सुनील चौधरी, इटाहार से सबिता बर्मन, बैरकपुर से कौस्तग बागची, बारासात से शंकर चटर्जी, सोनारपुर दक्षिण से रूपा गांगुली, टॉलीगंज से पापिया अधिकारी को चुनाव मैदान में उतारा गया है।
भाजपा ने इस सूची के जरिए अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग की सीटों पर खास फोकस दिखाया है। पार्टी का लक्ष्य इन इलाकों में अपनी पकड़ मजबूत करना है।
साथ ही, पहली लिस्ट में कुछ बदलाव भी किए गए हैं। बिष्णुपुर (एससी) विधानसभा सीट पर भाजपा ने बदलाव करते हुए अब विस्वजीत खान को उतारा है। वहीं, जॉयपुर विधानसभा में बिस्वजीत महतो को भाजपा ने समर्थन दिया है।
इससे पहले भाजपा ने सोमवार को भाजपा ने 144 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी, जिनमें कई दिग्गजों के नाम शामिल थे।
बता दें कि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे। 23 अप्रैल को पहले चरण के चुनाव में 152 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा, जबकि 29 अप्रैल को दूसरे चरण के चुनाव में 142 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। इसके साथ ही, चार मई को चुनाव के परिणाम घोषित किए जाएंगे।
--आईएएनएस
डीएससी
