बीड और पुणे के बीच पहली दैनिक ट्रेन सेवा शुरू करेगा मध्य रेल, 17 सितंबर को उद्घाटन
बीड, 16 सितंबर (आईएएनएस)। मराठवाड़ा क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए मध्य रेल बीड और पुणे के बीच पहली दैनिक ट्रेन सेवा शुरू करने जा रहा है। इस नई रेल सेवा का उद्घाटन 17 सितंबर को बीड रेलवे स्टेशन से किया जाएगा। मध्य रेल द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, सांसद बजरंग सोनवणे, विधायक संदीप क्षीरसागर तथा अन्य गणमान्य अतिथि बीड-पुणे उद्घाटन विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
उद्घाटन विशेष ट्रेन संख्या 01401 बीड से पुणे के बीच संचालित होगी। यह ट्रेन मार्ग में अमलनेर भांड्याचे, न्यू आष्टी, नारायणडोह, अहिल्यानगर, श्रीगोंदा रोड, दौंड कॉर्ड लाइन और उरुली स्टेशनों पर रुकेगी।
ट्रेन की संरचना में कुल 15 कोच शामिल होंगे, जिनमें 2 एसी टू-टियर कोच, 3 एसी थ्री-टियर कोच, 4 स्लीपर श्रेणी कोच, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी कोच, 1 द्वितीय श्रेणी सीटिंग सह गार्ड ब्रेक वैन और 1 जनरेटर वैन शामिल होंगी।
मध्य रेल ने बताया कि ट्रेन संख्या 11434/11433 पुणे-बीड-पुणे दैनिक एक्सप्रेस की नियमित सेवा भी जल्द शुरू की जाएगी। इसके समय और ठहराव की विस्तृत जानकारी अलग से जारी की जाएगी।
इस ट्रेन सेवा की शुरुआत अहिल्यानगर-बीड-पारली वैजनाथ नई रेल लाइन परियोजना के अहिल्यानगर-बीड खंड के चालू होने के बाद एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
नई रेल सेवा शुरू होने से बीड जिले के विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों, मरीजों और तीर्थयात्रियों को पुणे तक सीधे और सुविधाजनक आवागमन का विकल्प मिलेगा।
रेलवे के अनुसार, यह सेवा बीड को पहली बार पुणे से सीधी रेल कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए यात्रा करने वालों को राहत देगी। सड़क परिवहन की तुलना में सस्ता, सुरक्षित और आरामदायक विकल्प उपलब्ध कराएगी। स्थानीय व्यापार, पर्यटन और कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देगी। मराठवाड़ा और पश्चिमी महाराष्ट्र के बीच संपर्क को मजबूत करेगी।
बीड मराठवाड़ा का एक महत्वपूर्ण जिला है, जो अपने ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों के लिए जाना जाता है। वहीं पुणे को महाराष्ट्र की सांस्कृतिक राजधानी और शिक्षा एवं आईटी क्षेत्र के प्रमुख केंद्र के रूप में पहचान प्राप्त है।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
