Aapka Rajasthan

बाजारों में भीड़ सरकार की नीतियों का प्रमाण, यूपी की खुशहाली सपा को नहीं सुहाती: अनिल राजभर

लखनऊ, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने महंगाई और बाजारों के हालात को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने दावा किया कि त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ती रौनक और लोगों की खरीदारी सरकार की नीतियों और रोजगार के अवसरों का प्रमाण है। इसके अलावा, उन्होंने अखिलेश यादव पर अशांति को बढ़ावा देने और युवाओं को गुमराह करने का आरोप लगाया। वहीं, दशहरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देश को एकजुट रखने की अपील का समर्थन करते हुए राजभर ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए सभी नागरिकों को योगदान देना होगा।
 
महंगाई और बाजार की स्थिति पर अखिलेश यादव की टिप्पणी पर अनिल राजभर ने कहा कि जनता बाजारों में उमड़ रही भीड़ से खुद हालात का आकलन कर सकती है। उन्होंने कहा कि गरीब से गरीब व्यक्ति भी त्योहारों पर खरीदारी कर रहा है और उत्साह के साथ पर्व मना रहा है। पहले समाजवादी पार्टी के शासनकाल में त्योहारों के दौरान बाजारों में सन्नाटा रहता था, जबकि आज बाजारों में रौनक दिखाई दे रही है। सरकार लोगों को राहत दे रही है और बड़ी संख्या में परिवार गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश की जनता की खुशहाली समाजवादी पार्टी को अच्छी नहीं लगती। अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यदि उन्हें प्रदेश की प्रगति दिखाई नहीं दे रही है, तो उन्हें अपनी दृष्टि सुधारने की जरूरत है।

फ्रांस में चल रहे आंदोलन पर अखिलेश यादव के बयान को लेकर राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी के आदर्श अब आईसा और कम्युनिस्ट बन गए हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी के कम्युनिस्ट दलों के साथ चुनाव लड़ने का भी जिक्र किया। राजभर ने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प के अनुरूप देश से नक्सलवाद खत्म करने का काम किया है। एनएसयूआई, कम्युनिस्ट दलों और समाजवादी पार्टी के कुछ नेता युवाओं को गुमराह करने तथा देश में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि देश अब आगे बढ़ चुका है और मुट्ठी भर लोग भारत की आवाज नहीं बन सकते। देश को विकसित राष्ट्र बनते देखना चाहने वाले लोग प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के साथ खड़े हैं।

दशहरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देशवासियों से एकजुट होने की अपील का समर्थन करते हुए अनिल राजभर ने कहा कि देश के निर्माण में भागीदारी निभाने का समय है। उन्होंने कहा कि केवल घर में बैठकर तमाशा देखने से काम नहीं चलेगा, बल्कि हर नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी। यदि पूरा देश सामूहिक प्रयास करे, तो भारत 2047 से भी पहले विकसित राष्ट्र बन सकता है। भारत की बढ़ती ताकत से असहज लोग युवाओं को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं और फ्रांस, बांग्लादेश तथा नेपाल में अशांति के उदाहरण देकर भारत में भी अस्थिरता पैदा करना चाहते हैं।

लखनऊ के चर्चित शिव शर्मा हत्याकांड के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी पर राजभर ने उत्तर प्रदेश पुलिस का बचाव किया। उन्होंने कहा कि पुलिस पर सवाल उठाना उचित नहीं है और राज्य पुलिस ने कई बार जीरो टॉलरेंस की नीति को जमीन पर उतारकर दिखाया है। आखिरकार मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी हो गई।

--आईएएनएस

पीएसके