बटुकेश्वर दत्त को पुण्यतिथि पर ओम बिरला, राजनाथ और अमित शाह समेत कई प्रमुख नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली, 20 जुलाई (आईएएनएस)। महान क्रांतिकारी, अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक अमर सेनानी बटुकेश्वर दत्त की पुण्यतिथि पर पूरा देश उन्हें श्रद्धांजलि दे रहा है। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई प्रमुख नेताओं ने भी बटुकेश्वर दत्त को नमन किया है।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, "भारत की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले अमर क्रांतिकारी और महान देशभक्त बटुकेश्वर दत्त की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।"
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "महान क्रांतिकारी और स्वतंत्रता सेनानी बटुकेश्वर दत्त को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। सच्चे राष्ट्रवादी और साहसी व्यक्तित्व वाले बटुकेश्वर दत्त ने अन्याय और औपनिवेशिक शासन के विरुद्ध संघर्ष किया। उनके आदर्शों से प्रेरित होकर, हम इस महान राष्ट्र के विकास और समृद्धि के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।"
केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने लिखा, "महान स्वाधीनता सेनानी और अमर क्रांतिकारी बटुकेश्वर दत्त की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। बटुकेश्वर दत्त ने भगत सिंह के साथ केंद्रीय विधानसभा में बम फेंककर अंग्रेजों के अन्याय के विरुद्ध पूरे देश में आजादी की अलख जलाई। उन्होंने कालापानी की कठोर यातनाएं सहकर भी स्वाधीनता के संकल्प को अडिग रखा और कैदियों के अधिकारों के लिए संघर्ष करते हुए अंग्रेजी दमन के विरुद्ध सशक्त आवाज बुलंद की। उनका साहस, त्याग और बलिदान सदैव युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।"
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने 'एक्स' पोस्ट में कहा, "महान राष्ट्र भक्त क्रांतिकारी बटुकेश्वर दत्त की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र अभिवादन।"
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पोस्ट में लिखा, "मां भारती के अनन्य सेवक, महान क्रांतिकारी बटुकेश्वर दत्त की पुण्यतिथि पर शत-शत नमन करता हूं। मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए आपका अप्रतिम संघर्ष व योगदान सदैव भावी पीढ़ियों में राष्ट्र भक्ति की भावना का संचार करता रहेगा।"
--आईएएनएस
डीसीएच/
