बारिश के बावजूद मुंबई में नहीं रुकी ट्रेन-बसें, नालों की सफाई का दिखा असर: मनीषा चौधरी
मुंबई, 24 जून (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के मंत्री उदय सामंत ओर भाजपा विधायक मनीषा चौधरी ने मुंबई में भारी बारिश के चलते जलभराव समेत विभिन्न मुद्दों पर आईएएनएस से बातचीत की। मनीषा चौधरी ने मुंबई में हुई बारिश का स्वागत करते हुए इसे जनता के लिए बहुत जरूरी बताया।
मुंबई में बारिश होने पर भाजपा विधायक मनीषा चौधरी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "मैं इस बारिश का स्वागत करती हूं क्योंकि इसकी जरूरत थी। लोग भीषण गर्मी और पीने के पानी की कमी से परेशान थे। बारिश से पहले मुंबई नगर निगम ने नालों की ठीक से सफाई की थी। इसका परिणाम है कि बारिश के बावजूद न तो ट्रेनें रुकीं और न ही बसें और कोई बड़ा ट्रैफिक जाम भी नहीं लगा। हालांकि कुछ जगहों पर पानी भरा है। प्लास्टिक पूरी तरह से बंद होना चाहिए, क्योंकि इसकी वजह से नाले कितने भी अच्छे से साफ किए जाएं तो वहां पानी भर जाता है।"
शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत के बयानों पर मंत्री उदय सामंत ने कहा, "यह पिछले चार सालों से चल रहा है, इसमें कुछ भी नया नहीं है। सुबह-सुबह ट्वीट करना, बयान देना और सीएम शिंदे के नेतृत्व में काम करने वाले हम लोगों को अपशब्द कहना, यह सब हम पिछले चार सालों से देख रहे हैं। इसमें कुछ भी नया नहीं है।"
टीएमसी के बागी विधायकों द्वारा ममता बनर्जी को चेयरपर्सन के पद से हटाने पर उदय सामंत ने कहा, "यह टीएमसी का अंदरूनी मामला है। किसे बदलना है, किसे अध्यक्ष बनाना है और किसके बारे में क्या फैसले लेने हैं?"
शिवसेना और शिवसेना (यूबीटी) के विलय की संभावना पर शिवसेना एमएलसी बच्चू कडू ने कहा, "मुझे लगता है कि महाराष्ट्र में शिवसेना का गठन मराठा पहचान और महाराष्ट्र के धर्म को मज़बूत करने के लिए किया गया था। अगर ये दोनों पार्टियां एक साथ आ जाएं और दोनों नेता एकजुट हो जाएं, तो उनकी आवाज और मजबूत होगी। भविष्य में महाराष्ट्र के धर्म को और बेहतर ढंग से आगे बढ़ाया जा सकेगा।"
--आईएएनएस
ओपी/पीएम
