बारिश एवं ग्राउंड में जलभराव के चलते रेलवे की शारीरिक दक्षता परीक्षा स्थगित
भोपाल, 28 सितंबर (आईएएनएस)। पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर में आयोजित चार दिवसीय शारीरिक दक्षता परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है। परीक्षा स्थगित किए जाने की वजह भारी बारिश है।
रेलवे की ओर से आधिकारिक तौर पर दी गई जानकारी में बताया गया है कि जबलपुर शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में विगत दिनों से जारी लगातार चक्रवातीय वर्षा तथा मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में भारी वर्षा के पूर्वानुमान के दृष्टिगत, पश्चिम मध्य रेल प्रशासन ने उम्मीदवारों की सुरक्षा एवं निष्पक्ष अवसर सुनिश्चित करने के लिए एक बड़ा निर्णय लिया है। रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ, पश्चिम मध्य रेल द्वारा 28 सितंबर 2026 से एक अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाली चार दिवसीय शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) को अग्रिम आदेश तक तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है।
आधिकारिक तौर पर कहा गया है कि अत्यधिक और अनवरत बारिश के कारण परीक्षा स्थल रेलवे स्टेडियम ग्राउंड, जबलपुर में गंभीर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। ग्राउंड पर पानी भरने व कीचड़ के कारण मैदान दौड़ के लिए पूरी तरह असुरक्षित व अनुपयुक्त हो चुका है। ऐसी परिस्थितियों में अभ्यर्थियों के फिसलने, चोटिल होने का जोखिम था और प्रतिकूल मौसम के कारण सभी को अपनी शारीरिक क्षमता प्रदर्शित करने का समान अवसर मिलना संभव नहीं था।
उम्मीदवारों की शारीरिक सुरक्षा एवं 'फेयर चांस' के सिद्धांत को सर्वोपरि रखते हुए प्रशासन ने यह स्थगन आदेश जारी किया है। पश्चिम मध्य रेलवे का कहना है कि स्थगित की गई शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए नवीन तिथियों की घोषणा मौसम सामान्य होने के उपरांत पृथक से की जाएगी।
पश्चिम मध्य रेल प्रशासन ने सभी उम्मीदवारों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाहों पर ध्यान न दें। परीक्षा से संबंधित प्रामाणिक और अद्यतन जानकारी के लिए नियमित रूप से पश्चिम मध्य रेल की आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन करें।
--आईएएनएस
एसएनपी/डीकेपी
