Aapka Rajasthan

बार्सिलोना ने करीम अदेयेमी को साइन किया, डॉर्टमुंड छोड़कर 5 साल के करार पर जुड़े

बार्सिलोना, 23 जुलाई (आईएएनएस)। ला लीगा चैंपियन बार्सिलोना ने नए सीजन से पहले जर्मनी के स्टार फॉरवर्ड करीम अदेयेमी को बोरूसिया डॉर्टमुंड से अपने साथ जोड़ लिया है। 24 वर्षीय अदेयेमी ने क्लब के साथ पांच साल का अनुबंध किया है।
 

बार्सिलोना, 23 जुलाई (आईएएनएस)। ला लीगा चैंपियन बार्सिलोना ने नए सीजन से पहले जर्मनी के स्टार फॉरवर्ड करीम अदेयेमी को बोरूसिया डॉर्टमुंड से अपने साथ जोड़ लिया है। 24 वर्षीय अदेयेमी ने क्लब के साथ पांच साल का अनुबंध किया है।

अदेयेमी के डॉर्टमुंड के साथ मौजूदा अनुबंध में एक साल शेष था, लेकिन उन्होंने सिग्नल इडुना पार्क छोड़कर कैंप नोउ का रुख करने का फैसला किया। बार्सिलोना में उनकी मुलाकात जर्मनी और बायर्न म्यूनिख के पूर्व हेड कोच हैंसी फ्लिक से होगी, जो फिलहाल स्पेनिश क्लब के हेड कोच हैं।

18 जनवरी 2002 को म्यूनिख में नाइजीरियाई पिता और रोमानियाई मां के घर जन्मे अदेयेमी, बार्सिलोना टीम में एक शानदार और हरफनमौला अटैकिंग खिलाड़ी के तौर पर शामिल हुए हैं। अपने करियर के दौरान, उन्होंने दोनों विंग और सेंटर-फॉरवर्ड के तौर पर सेंटर में खेलने की काबिलियत दिखाई है। वे अपनी तेज रफ्तार और दमदार बाएं पैर का बेहतरीन इस्तेमाल करते हैं।

अदेयेमी ने डॉर्टमुंड के लिए कुल 146 मैच खेले, जिनमें 36 गोल किए और 24 असिस्ट दिए। ऑस्ट्रियाई क्लब रेड बुल साल्जबर्ग के लिए 94 मुकाबलों में 33 गोल और 24 असिस्ट करने के बाद वे मई 2022 में डॉर्टमुंड से जुड़े थे।

तेज रफ्तार वाले अटैकर ने युवावस्था में बुंडेसलीगा चैंपियन बायर्न और अनटरहैचिंग के साथ समय बिताया था, और फिर 2018 में 16 साल की उम्र में ऑस्ट्रिया चले गए थे।

सितंबर 2021 में आर्मेनिया के विरुद्ध 6-0 की जीत के साथ जर्मनी के लिए डेब्यू करने के बाद से अदेयेमी ने 11 सीनियर मैच खेले हैं। यह डेब्यू मैच बार्सिलोना के नए कोच फ्लिक की देखरेख में हुआ था। उस मैच में उन्होंने अपना एकमात्र अंतरराष्ट्रीय गोल भी किया था।

अदेयेमी ने जर्मनी के वर्ल्ड कप क्वालीफाइंग कैंपेन के दौरान अहम भूमिका निभाई थी, लेकिन उन्हें फाइनल टूर्नामेंट के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया था। गर्मियों की छुट्टियों में आराम करके और प्री-सीजन की पूरी तैयारी के साथ, यह जर्मन खिलाड़ी इस प्रतिष्ठित क्लब में आते ही अपनी छाप छोड़ने की कोशिश करेगा।

--आईएएनएस

आरएसजी