Aapka Rajasthan

बांकीपुर उपचुनाव : राजद ने चुनाव लड़ने का किया ऐलान, महागठबंधन में सीट को लेकर बढ़ी हलचल

पटना, 6 जुलाई (आईएएनएस)। पटना की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। निर्वाचन आयोग की ओर से अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस बीच महागठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने इस सीट पर अपना दावा ठोकते हुए चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है।
 

पटना, 6 जुलाई (आईएएनएस)। पटना की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। निर्वाचन आयोग की ओर से अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस बीच महागठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने इस सीट पर अपना दावा ठोकते हुए चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है।

राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने सोमवार को कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी अपना उम्मीदवार उतारेगी। उन्होंने कहा कि पिछली बार भी इस सीट से राष्ट्रीय जनता दल ने चुनाव लड़ा था और पार्टी को करीब 50 हजार वोट मिले थे। चुनाव भले ही पार्टी नहीं जीत सकी, लेकिन बांकीपुर में राजद का जनाधार पहले की तुलना में मजबूत हुआ है। शक्ति सिंह यादव ने दावा किया कि इस बार पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और जीत हासिल करेगी।

उन्होंने कहा, "बांकीपुर की जनता ने इस बार राजद को जिताने का मन बना लिया है। पार्टी ने क्षेत्र में चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं और कार्यकर्ता लगातार लोगों के बीच जाकर संपर्क अभियान चला रहे हैं। जनता का व्यापक समर्थन राजद को मिलेगा।"

हालांकि, बांकीपुर सीट को लेकर महागठबंधन के भीतर भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कांग्रेस की ओर से भी इस सीट पर उम्मीदवार उतारने का दावा किया जा रहा है। ऐसे में सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत पर सभी की नजरें टिकी हैं।

दूसरी ओर, जन सुराज पार्टी पहले ही अपने प्रमुख चेहरे प्रशांत किशोर को बांकीपुर से उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। वहीं, पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल ने भी वीना मानवी को चुनाव मैदान में उतारने की घोषणा की है। बांकीपुर सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद रिक्त हुई है।

निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा। विभिन्न दलों की सक्रियता और दावेदारी के बीच यह उपचुनाव राज्य की राजनीति का सबसे चर्चित मुकाबला बनने की ओर बढ़ रहा है। अब भाजपा के उम्मीदवार की घोषणा पर भी राजनीतिक दलों और मतदाताओं की नजरें टिकी हुई हैं।

--आईएएनएस

एमएनपी/एसके