बांकीपुर उपचुनाव के बहाने महागठबंधन में बढ़ी तकरार, कांग्रेस ने राजद की रणनीति पर उठाए सवाल
पटना, 1 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का परिणाम अभी सामने नहीं आया है, लेकिन उससे पहले ही बिहार महागठबंधन में कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के बीच मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं।
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता आसितनाथ तिवारी ने राजद और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की चुनावी रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि महागठबंधन के सबसे बड़े घटक दल होने के बावजूद राजद ने बांकीपुर उपचुनाव में इंडिया गठबंधन का प्रभावी ढंग से इस्तेमाल नहीं किया। आसितनाथ तिवारी ने कहा कि बिहार में इंडिया गठबंधन का सबसे बड़ा घटक दल राजद है, इसलिए उसकी जिम्मेदारी भी सबसे अधिक बनती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे चुनाव अभियान के दौरान महागठबंधन या इंडिया गठबंधन की एकजुटता का प्रभावी प्रदर्शन नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि यह समझ से परे है कि ऐसा क्यों हुआ। संभव है कि इस मामले में तेजस्वी यादव की पर्याप्त रुचि नहीं रही हो।
कांग्रेस प्रवक्ता ने पिछले विधानसभा चुनाव की चर्चा करते हुए कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में भी कई सीटों पर फ्रेंडली फाइट की स्थिति बनी थी। उस समय भी राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं हुई थीं। उन्होंने दावा किया कि अब राजद के भीतर भी इस बात को लेकर चर्चाएं हो रही हैं कि क्या भाजपा के साथ किसी तरह की अंदरूनी समझ बनी हुई है। हालांकि, उन्होंने इस संबंध में कोई ठोस प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया।
आसितनाथ तिवारी ने यह भी कहा कि बांकीपुर उपचुनाव में राजद के पारंपरिक मुस्लिम-यादव (एम-वाई) वोट बैंक में भी बिखराव देखने को मिला। उनके अनुसार, तेजस्वी यादव अपने पारंपरिक सामाजिक समीकरण को भी पूरी तरह संभालने में सफल नहीं दिखे।
उन्होंने आरोप लगाया कि गठबंधन को मजबूत करने में भी राजद नेतृत्व की अपेक्षित दिलचस्पी नजर नहीं आई। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में महागठबंधन के भीतर कई तरह की चर्चाएं और अफवाहें चल रही हैं, लेकिन राजद नेतृत्व उन्हें रोकने या स्थिति स्पष्ट करने में सफल नहीं हो रहा है।
कांग्रेस प्रवक्ता के इस बयान के बाद बिहार की विपक्षी राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, राजद की ओर से इस बयान पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीसीएच
