Aapka Rajasthan

बांकीपुर उपचुनाव: भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा ने डाला वोट, बोले- विकास के नाम पर मिलेगा जनादेश

पटना, 30 जुलाई (आईएएनएस)। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार को मतदान जारी है। इसी कड़ी में भाजपा के उम्मीदवार नीरज सिन्हा ने मीठापुर कन्या उच्च विद्यालय स्थित पोलिंग सेंटर पर अपना वोट डाला। मतदान के बाद जीत का भरोसा जताते हुए उन्होंने मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की और लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हर नागरिक से मतदान में भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
 

पटना, 30 जुलाई (आईएएनएस)। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार को मतदान जारी है। इसी कड़ी में भाजपा के उम्मीदवार नीरज सिन्हा ने मीठापुर कन्या उच्च विद्यालय स्थित पोलिंग सेंटर पर अपना वोट डाला। मतदान के बाद जीत का भरोसा जताते हुए उन्होंने मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की और लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हर नागरिक से मतदान में भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान नीरज सिन्हा ने कहा कि उन्होंने अपना वोट डाल दिया है और अब सभी नागरिकों से अपील है कि वे अपने-अपने घरों से निकलकर बूथों तक पहुंचें और मतदान करें। लोकतंत्र में मतदान सबसे बड़ा अधिकार है और यह लोकतंत्र का महापर्व है, जिसमें प्रत्येक मतदाता की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।

क्षेत्र से लंबे जुड़ाव का उल्लेख करते हुए नीरज सिन्हा ने कहा कि यह इलाका उनके लिए नया नहीं है। कुछ महीने पहले तक वह भी इसी क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर चुनावी गतिविधियों में शामिल रहते थे और आज भी वह अपने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने के लिए उनके बीच जा रहे हैं। कार्यकर्ताओं और जनता का उन्हें लगातार स्नेह और समर्थन मिलता रहा है, जिससे उनका आत्मविश्वास और मजबूत हुआ है।

चुनावी मुद्दों पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति का सबसे बड़ा मुद्दा केवल विकास है। क्षेत्र में सड़क निर्माण, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और पार्क जैसी परियोजनाएं विकास की गवाही दे रही हैं। उन्होंने कहा कि हमारा मुद्दा सिर्फ विकास है। विकास लगातार होता आया है। जिस क्षेत्र में आप आए हैं, वहां सड़क का कालीकरण हो चुका है। पीछे जाकर देखिए, वहां पार्क का निर्माण हो रहा है। यही हमारा विकास मॉडल है और यही हमारी प्राथमिकता है।

चुनावी मुकाबले को लेकर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि हम कहीं कोई लड़ाई नहीं देख रहे हैं। मुझे किसी के बारे में टीका-टिप्पणी नहीं करनी है। जनता का प्यार मुझे लगातार मिलता रहा है। मीडिया परिवार भी हमारे परिवार की तरह है और मैं सभी का धन्यवाद करता हूँ।

बांकीपुर उपचुनाव के दौरान फर्जी वोटर आईडी कार्ड के इस्तेमाल को लेकर लगाए जा रहे आरोपों और प्रशांत किशोर की पार्टी की ओर से उठाए गए सवालों पर नीरज सिन्हा ने कहा कि उन्हें किसी प्रकार का डर नहीं है। यह लोकतंत्र का पर्व है और जनता अपने अधिकार का प्रयोग कर रही है। बूथों पर लोग मतदान कर रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि बांकीपुर में भाजपा की जीत होने जा रही है। बीजेपी का यह किला हमेशा बरकरार रहेगा और जनता का विश्वास भी हमारे साथ बना रहेगा।

--आईएएनएस

पीएसके