Aapka Rajasthan

बैंक धोखाधड़ी मामले में सीबीआई का एक्शन, अवाया इंडस्ट्रीज के ठिकानों पर छापेमारी

नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने गुरुवार को 58.48 करोड़ रुपए की बैंक धोखाधड़ी के मामले में अवाया इंडस्ट्रीज लिमिटेड, उसके निदेशकों और अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर मुंबई में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), मुंबई की शिकायत के आधार पर की गई।
 

नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने गुरुवार को 58.48 करोड़ रुपए की बैंक धोखाधड़ी के मामले में अवाया इंडस्ट्रीज लिमिटेड, उसके निदेशकों और अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर मुंबई में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), मुंबई की शिकायत के आधार पर की गई।

सीबीआई के अनुसार, अवाया इंडस्ट्रीज लिमिटेड और उसके निदेशकों पर आरोप है कि उन्होंने गलत जानकारी और भ्रामक दस्तावेजों के आधार पर बैंक से ऋण सुविधाएं हासिल कीं, जिससे एसबीआई को 58.48 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ। जांच एजेंसी ने आरोप लगाया है कि कंपनी ने फर्जी बिक्री दिखाने, स्टॉक का मूल्य बढ़ाकर प्रस्तुत करने, निर्यात प्राप्तियों को छिपाने, असुरक्षित अग्रिमों के माध्यम से धन का दुरुपयोग करने और अन्य वित्तीय अनियमितताओं के जरिए धोखाधड़ी को अंजाम दिया।

सीबीआई का कहना है कि आरोपियों ने किसी अन्य बैंक के माध्यम से अनधिकृत लेनदेन करने, देनदारियों के आंकड़ों में हेरफेर करने तथा गिरवी रखी गई संपत्तियों और बंधक परिसंपत्तियों की अनधिकृत बिक्री या गलत प्रस्तुति जैसे तरीकों का उपयोग कर बैंक को नुकसान पहुंचाया।

मामले की जांच के तहत मुंबई स्थित कई परिसरों पर छापेमारी की गई, जिनमें कंपनी के निदेशकों से संबंधित आवासीय ठिकाने भी शामिल हैं। तलाशी के दौरान जांच से जुड़े कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

सीबीआई ने बताया कि जब्त की गई सामग्री की जांच की जा रही है ताकि कथित साजिश, धन के दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितताओं की पूरी तस्वीर सामने लाई जा सके तथा मामले में शामिल सभी व्यक्तियों की भूमिका तय की जा सके। एजेंसी ने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है।

इससे पहले, सीबीआई ने मंगलवार को मुंबई के सिंधिया हाउस स्थित आयकर कार्यालय की जांच शाखा में तैनात एक आयकर निरीक्षक को 15 लाख रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था।

सीबीआई ने बताया कि गिरफ्तार आयकर निरीक्षक सुभाष कुमार यादव, डीडीआईटी, जांच शाखा, मुंबई हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने आयकर विभाग की बेनामी निषेध इकाई में लंबित बेनामी संपत्ति से संबंधित एक मामले को बंद करने के लिए 20 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की थी।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी