बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान जल्द जाएंगे मलेशिया और चीन
ढाका, 20 जून (आईएएनएस)। बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान पद संभालने के बाद अपने पहले विदेश दौरे पर मलेशिया और चीन जाने वाले हैं। बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी दी।
ढाका की सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस ने विदेश मंत्रालय के हवाले से बताया कि रहमान रविवार को मलेशिया जाएंगे और उसके अगले दिन चीन की यात्रा पर रवाना होंगे। विदेश सचिव असद आलम सियाम ने मीडिया ब्रीफिंग के दौरान यह जानकारी दी।
आलम के अनुसार, बीजिंग में उनकी बातचीत के एजेंडे में व्यापार और बुनियादी ढांचा परियोजनाएं प्रमुख रहेंगी।
उन्होंने बताया कि बांग्लादेश और चीन के बीच इस यात्रा के दौरान 15 से 17 द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। इनमें 13 समझौता ज्ञापन (एमओयू), दो समझौते, एक कार्य योजना और एक प्रोटोकॉल शामिल हैं।
प्रधानमंत्री तारिक रहमान रविवार दोपहर मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर के लिए रवाना होंगे। वह मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के निमंत्रण पर वहां जा रहे हैं। इसके बाद सोमवार दोपहर वह चीनी प्रधानमंत्री ली कियांगके निमंत्रण पर चीन की यात्रा करेंगे।
सियाम ने कहा, “फरवरी में सरकार के सत्ता संभालने के बाद प्रधानमंत्री की यह पहली विदेश यात्रा है।”
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के साथ मलेशिया और चीन जाने वाले प्रतिनिधिमंडलों को अपेक्षाकृत छोटा रखा गया है। दोनों यात्राओं के लिए प्रतिनिधिमंडल में करीब 27 से 28 सदस्य शामिल होंगे।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, "हमने इसे एक उचित स्तर तक सीमित रखने की कोशिश की है।”
बीएसएस ने विदेश मंत्रालय के हवाले से बताया, “इन यात्राओं को बांग्लादेश की आर्थिक साझेदारियों को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी कूटनीतिक पहल के रूप में देखा जा रहा है।”
आलम के अनुसार मलेशिया के साथ भी व्यापार, द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर केंद्रित होगा। एक अनुमान के अनुसार मलेशिया में करीब 8 लाख बांग्लादेशी कामगार रहते हैं, जो देश के कुल विदेशी श्रमिकों का एक-तिहाई से अधिक हिस्सा हैं।
--आईएएनएस
केआर/
