बंगाल की चिंता भाजपा करेगी, टीएमसी के जाने का वक्त तय है : शाहनवाज हुसैन
नई दिल्ली, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा के वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन ने पश्चिम बंगाल में पार्टी की मजबूत संभावनाओं पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सही कहा है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनाने जा रही है।
नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें घुसपैठियों की ज्यादा चिंता होती थी। उन्हें अब बंगाल की चिंता करने की जरूरत नहीं है। भाजपा बंगाल की चिंता करेगी और उसे उस मुकाम पर ले जाएगी, जिसकी अपेक्षा बंगाल की जनता भाजपा से करती है।
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के जाने का वक्त अब तय है। बंगाल की जनता विकास और अच्छे शासन की चाहत रखती है, जो टीएमसी के 15 वर्षों के शासन में नहीं मिला। भाजपा भय के माहौल के बजाय भरोसे का वातावरण बनाने जा रही है और भारी बहुमत से सरकार बनाएगी।
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि असम में हम भारी बहुमत से जीतने वाले हैं। वहां कांग्रेस सिर्फ खानापूर्ति कर रही है। वोटिंग लाइनों से साफ दिखा है कि भाजपा की वापसी हो रही है। केरल और पुडुचेरी में भी हमारा प्रदर्शन बहुत अच्छा रहने वाला है और हम सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।
इंदौर में कांग्रेस पार्षद फौजिया शेख के वंदे मातरम गाने से इनकार करने पर शाहनवाज हुसैन ने कहा कि कांग्रेस को क्या हो गया है। भारत में रहना है तो 'वंदे मातरम' गाना होगा। वंदे मातरम को गाने से मना करना बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। सभी नागरिकों को राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का सम्मान करना चाहिए।
महिला आरक्षण बिल को लेकर भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं के लिए अभूतपूर्व काम किए हैं। 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान शुरू किया, महिलाओं के बैंक खाते खोले और नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर आए। संसद के इस सत्र के विस्तारित भाग में महिला आरक्षण बिल पास होने की पूरी उम्मीद है। हमें विश्वास है कि विपक्ष कोई ड्रामा नहीं करेगा। यह बिल पास होने के बाद सदनों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम
