Aapka Rajasthan

बलतेज पन्नू ने हरियाणा सरकार को घेरा, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाए सवाल

चंडीगढ़, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी पंजाब के जनरल सेक्रेटरी बलतेज पन्नू ने शनिवार को हरियाणा सरकार और आयुष्मान भारत योजना को लेकर चल रहे विवाद पर प्रतिक्रिया दी और कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी पंजाब की चीजों में दखल देने और सीएम भगवंत मान पर आरोप लगाने के बजाय अपने राज्य पर ध्यान दें।
 
यह प्रतिक्रिया इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की उस चेतावनी के बाद सामने आई है, जिसमें कहा गया है कि अगर हरियाणा सरकार द्वारा लंबे समय से लंबित भुगतान नहीं किया गया तो कई प्राइवेट अस्पताल आयुष्मान कार्ड के तहत इलाज बंद कर सकते हैं।

हरियाणा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वहां की स्थिति अच्छी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी अक्सर पंजाब सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हैं, जबकि उन्हें अपने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए। पन्नू के मुताबिक, अगर भुगतान से जुड़ी समस्या इसी तरह बनी रही तो हरियाणा में आयुष्मान योजना के तहत मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाएं लगभग खत्म होने की कगार पर पहुंच सकती हैं।

उन्होंने आगे कहा कि किसी भी सरकार की प्राथमिकता जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देना होनी चाहिए। अगर अस्पतालों को समय पर भुगतान नहीं होगा तो वे इलाज करने से पीछे हट जाएंगे, जिससे सीधे तौर पर आम लोगों पर असर पड़ेगा।

बलतेज पन्नू ने मुख्यमंत्री सेहत योजना का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब में हर परिवार को 10 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। उनके अनुसार इस योजना से अब तक 35 लाख से ज्यादा परिवार जुड़ चुके हैं। पन्नू ने दावा किया कि पंजाब में हेल्थ सिस्टम को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है ताकि लोगों को इलाज के लिए ज्यादा परेशान न होना पड़े।

उन्होंने कहा कि पंजाब में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए मोहल्ला क्लीनिक और सरकारी अस्पतालों को मजबूत किया जा रहा है। पंजाब इस दिशा में कई राज्यों से आगे बढ़ चुका है और यहां लोगों को बिना किसी बड़ी परेशानी के इलाज की सुविधा मिल रही है। उन्होंने हरियाणा के सीएम को नसीहत देते हुए कहा कि अगर तुलना करनी है तो इन चीजों को लेकर तुलना करो लेकिन सिर्फ आरोप लगाकर जनता को बेवकूफ बनाने की कोशिश न करें।

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम