Aapka Rajasthan

बालाघाट में ठगी गई 20 लाख की रकम पीड़ित को वापस मिली

बालाघाट, 11 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में एक व्यक्ति साइबर ठगों के जाल में ऐसा फंसा कि उससे 20 लाख की ठगी कर ली गई। पुलिस की सक्रियता से पीड़ित को अपनी राशि वापस मिल गई है। मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 20 के राम गली इलाके में रहने वाले संजय नेमा से 20 लाख रुपए की ऑनलाइन साइबर ठगी कर ली गई।
 
अज्ञात ने नेमा से ऑनलाइन साइबर ठगी की थी। पुलिस तक मामला पहुंचा तो पुलिस ने गहनता से जांच शुरू की। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शिकायत प्राप्त होते ही साइबर नोडल बालाघाट द्वारा मामले को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज कर संबंधित बैंक के नोडल अधिकारियों से पोर्टल एवं अधिकृत ई-मेल के माध्यम से संपर्क स्थापित किया गया।

पुलिस द्वारा संदिग्ध बैंकिंग लेन-देन की राशि होल्ड कराने के लिए त्वरित प्रयास किए गए। इसके परिणामस्वरूप इक्विटस बैंक में ठगी की संपूर्ण राशि 20 लाख रुपए होल्ड करा ली गई। आवश्यक बैंकिंग प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद पूरी राशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस कराई गई।

मध्य प्रदेश पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्कता बरतें। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी अथवा अन्य वित्तीय विवरण साझा न करें।

पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी के मामलों में गोल्डन ऑवर, अर्थात ठगी के तुरंत बाद का प्रारंभिक समय अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान तत्काल शिकायत करने से ठगी की राशि को संबंधित बैंक खाते में होल्ड कराने और पीड़ित को राशि वापस दिलाने की संभावना बढ़ जाती है। राज्य की पुलिस लगातार लोगों को जागरूक कर रही है और बता रही है कि साइबर ठग किस तरीके से ठगी करते हैं, लिहाजा सजग और सतर्क रहना जरूरी है।

--आईएएनएस

एसएनपी/डीकेपी