Aapka Rajasthan

बाल पत्रकारों से सीएम हेमंत ने किया संवाद, बोले-बच्चों की आवाज सुनी जानी चाहिए, वे हमारा भविष्य हैं

रांची, 20 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि बच्चे राज्य के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी बातों, सवालों और विचारों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसा माहौल बनाने के लिए काम कर रही है, जिसमें हर बच्चे को सीखने, अपनी बात रखने और अपने सपनों को पूरा करने का समान अवसर मिले।
 

रांची, 20 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि बच्चे राज्य के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी बातों, सवालों और विचारों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसा माहौल बनाने के लिए काम कर रही है, जिसमें हर बच्चे को सीखने, अपनी बात रखने और अपने सपनों को पूरा करने का समान अवसर मिले।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को कांके रोड स्थित अपने आवासीय कार्यालय में विश्व बाल दिवस के अवसर पर यूनिसेफ के 10 बाल पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान बच्चों ने बाल विवाह, बाल श्रम, स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा से जोड़ने, माहवारी स्वच्छता, बच्चों में होने वाली गैर-संचारी बीमारियों, स्वस्थ खानपान और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर अपने अनुभव साझा किए।

बाल पत्रकारों ने बताया कि वे अपने स्कूलों और समुदायों में सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने और बच्चों के अधिकारों के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने अपने सपनों, भविष्य और शिक्षा से जुड़े सवाल भी मुख्यमंत्री के सामने रखे।

हेमंत सोरेन ने कहा कि बाल पत्रकारों की जागरूकता और आत्मविश्वास उन्हें प्रभावित करता है। बच्चे जिस स्पष्टता से अपने अधिकारों और समाज की समस्याओं पर बात रख रहे हैं, वह उत्साहजनक है। उन्होंने कहा कि हर बच्चे की आवाज सुनी जानी चाहिए। बच्चों के विचार और सपने महत्वपूर्ण हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के माध्यम से सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर बेहतर करने का प्रयास किया जा रहा है। शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने के मुद्दे पर भी समीक्षा कर समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद में रुचि रखने वाले बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार खेल सामग्री उपलब्ध कराने और पंचायत स्तर पर खेल मैदान बनाने की दिशा में काम कर रही है। जिलों में पुस्तकालयों का निर्माण भी कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा बच्चों को सही और गलत के बीच अंतर समझने की क्षमता देती है। मुख्यमंत्री ने बाल विवाह को कानूनी अपराध बताते हुए कहा कि यह बच्चों के भविष्य के लिए भी नुकसानदेह है। उन्होंने निर्धारित उम्र से पहले बच्चों की शादी नहीं कराने की अपील की।

उन्होंने बताया कि स्कूलों में माहवारी स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और बच्चियों तथा महिलाओं को सैनिटरी पैड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अधिकारियों को अपने क्षेत्र के स्कूलों में जाकर बच्चों से बातचीत करने का निर्देश भी दिया गया है।

इस मौके पर यूनिसेफ झारखंड की प्रमुख डॉ. कनीनिका मित्र ने कहा कि बच्चों को केवल सरकारी योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि उनके जीवन को प्रभावित करने वाले फैसलों में भागीदार बनाया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि बाल पत्रकार कार्यक्रम बच्चों को अपनी बात रखने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर देता है। यूनिसेफ की कम्युनिकेशन, एडवोकेसी एंड पार्टनरशिप विशेषज्ञ आस्था अलंग ने कहा कि गरीबी, भौगोलिक परिस्थितियों और लैंगिक असमानता जैसी चुनौतियां आज भी बच्चों के विकास में बाधा हैं।

बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए उनकी जरूरतों को प्राथमिकता देना जरूरी है। कार्यक्रम में कांके, ओरमांझी, रातू और रांची के विभिन्न सरकारी स्कूलों के बाल पत्रकारों सहित यूनिसेफ और एनबीजेके के प्रतिनिधि मौजूद थे।

--आईएएनएस

एसएनसी/एमएस