बहरीन पर ईरानी हवाई हमलों की सऊदी अरब ने की निंदा, अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया
रियाद, 15 नवंबर (आईएएनएस)। सऊदी अरब ने बहरीन पर ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (आईआरजीसी) द्वारा किए गए हवाई हमलों की कड़ी निंदा की। सऊदी अरब ने इन हमलों को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया। इसके साथ ही सऊदी अरब ने बहरीन की सुरक्षा और स्थिरता की रक्षा के लिए एकजुटता दिखाई।
सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने भाईचारे वाले देश बहरीन पर हुए ईरानी हवाई हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की है। मंत्रालय ने कहा कि सऊदी अरब बहरीन की सुरक्षा और स्थिरता की रक्षा के लिए उठाए जाने वाले हर कदम में उसके साथ पूरी एकजुटता से खड़ा है।''
सऊदी अरब ने कहा कि ईरान के ये हमले अंतरराष्ट्रीय कानून और अच्छे पड़ोसी संबंधों के सिद्धांतों का उल्लंघन हैं। सऊदी अरब ने इस बात पर भी जोर दिया कि क्षेत्र के देशों पर हो रहे ऐसे खुलेआम ईरानी हमलों को तुरंत रोका जाना चाहिए। साथ ही, क्षेत्र के देशों और वहां की जनता के लिए सुरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित करने की दिशा में गंभीर कदम उठाने की जरूरत है।
सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखना बेहद महत्वपूर्ण है और इसके लिए तनाव बढ़ाने वाली कार्रवाइयों को तुरंत रोकना आवश्यक है।
रविवार को ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (आईआरजीसी) ने दावा किया कि उन्होंने खाड़ी देश बहरीन के एक सैन्य अड्डे पर ड्रोन हमला किया है। उसके मुताबिक, वहां एयरबेस पर मौजूद अमेरिकी डिफेंस रडार सिस्टम को निशाना बनाया गया। हमले के बाद बहरीन ने अपने नागरिकों से सुरक्षित जगहों पर जाने की अपील की है।
ईरान के सरकारी प्रसारक के अनुसार, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने कहा कि उनके बलों ने बहरीन स्थित एक सैन्य अड्डे पर अमेरिकी रडार सिस्टम को निशाना बनाकर ड्रोन हमला किया।
टेलीग्राम पर सरकारी प्रसारक प्रेस टीवी द्वारा पोस्ट किए गए एक बयान में गार्ड्स ने कहा, "बहरीन के अल-रिफा हेलीकॉप्टर बेस पर मौजूद अमेरिकी एयर डिफेंस रडार सिस्टम को आईआरजीसी एयरोस्पेस फोर्स के छह ड्रोनों से निशाना बनाया गया। धमाकों की गूंज पूरे बहरीन में सुनी गई।"
--आईएएनएस
एवाई/एबीएम
