Aapka Rajasthan

यूपी : बहराइच में ट्रक और बस की भीषण टक्कर में चार की मौत, 10 घायल, तीन की हालत गंभीर

बहराइच, 10 जून (आईएएनएस)। बहराइच जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दस अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना उस समय हुई जब एक तेज रफ्तार ट्रक और यात्री बस की आमने-सामने टक्कर हो गई।
 
यूपी : बहराइच में ट्रक और बस की भीषण टक्कर में चार की मौत, 10 घायल, तीन की हालत गंभीर

बहराइच, 10 जून (आईएएनएस)। बहराइच जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दस अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना उस समय हुई जब एक तेज रफ्तार ट्रक और यात्री बस की आमने-सामने टक्कर हो गई।

इस घटना में लखनऊ से रुपईडीहा जा रही सवारियों से भरी रोडवेज बस को तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। इस टक्कर के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस में सवार कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें हरदी पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती करवाया, जहां 3 यात्रियों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। इस घटना में चार लोगों की मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि रोडवेज बस लखनऊ से बहराइच होते हुए रुपईडीहा जा रही थी। भगवानपुर चौराहे के करीब सामने से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बस को टक्कर मार दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रमपुरवा भेजा गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) विश्वजीत चौधरी ने बताया, "प्राप्त जानकारी के अनुसार चार लोगों की मृत्यु हुई है, जबकि दस लोग घायल हुए हैं। इनमें से तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों का बहराइच मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है, जहां डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है।"

बहराइच पुलिस ने भी जानकारी दी कि दुर्घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई है और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

--आईएएनएस

एएमटी/एएस