Aapka Rajasthan

बड़े पर्दे पर दिखेगी 26/11 हमले की कानूनी लड़ाई, राजकुमार राव की फिल्म 'प्रहार' का दमदार टीजर रिलीज

मुंबई, 25 जून (आईएएनएस)। मुंबई आतंकी हमले को एक नए नजरिए से दिखाने के लिए अभिनेता राजकुमार राव अपनी नई फिल्म 'प्रहार- द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' लेकर आ रहे हैं। इस बीच मेकर्स ने फिल्म का टीजर रिलीज कर दिया है। टीजर सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई है।
 

मुंबई, 25 जून (आईएएनएस)। मुंबई आतंकी हमले को एक नए नजरिए से दिखाने के लिए अभिनेता राजकुमार राव अपनी नई फिल्म 'प्रहार- द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' लेकर आ रहे हैं। इस बीच मेकर्स ने फिल्म का टीजर रिलीज कर दिया है। टीजर सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई है।

फिल्म देश के मशहूर सरकारी वकील उज्ज्वल निकम की जिंदगी और उनके करियर के सबसे चर्चित मुकदमों में से एक 26/11 मुंबई आतंकी हमले के आरोपी अजमल कसाब के मामले पर आधारित है।

रिलीज हुए टीजर की शुरुआत राजकुमार राव की आवाज और उनके बैकशॉट से होती है, जो अपना कोट लेने जाते हैं। फिल्म में राजकुमार राव उज्ज्वल निकम के किरदार में हैं। टीजर के शुरुआत में सुनाई देता है- 'पिछले डेढ़ साल में इस केस के चलते बहुत बार मुझसे लोगों ने ये सवाल पूछा कि जब फोटो और वीडियो में साफ-साफ दिखाई दे रहा है, तो हम कसाब को फांसी क्यों नहीं दे रहे? क्यों इतना पैसा, इतना समय बर्बाद कर रहे हैं एक आतंकवादी के ऊपर?' इस दौरान हमले, फायरिंग और अदालत के सीन दिखाए जाते हैं।

टीजर में सीधे तौर पर 26/11 मुंबई हमले से जुड़े घटनाक्रम की ओर इशारा किया गया है। हालांकि मेकर्स ने कहानी के बड़े हिस्से को अभी छिपाकर रखा है। टीजर को देखने के बाद लोग अंदाजा लगा रहे है कि फिल्म का केंद्र बिंदु अजमल कसाब के खिलाफ चली कानूनी प्रक्रिया होगी।

राजकुमार राव का लुक इस टीजर की सबसे बड़ी खासियत है। उन्होंने खुद को उज्ज्वल निकम के किरदार में ढालने के लिए काफी मेहनत की है। उनके पहनावे से लेकर बोलने के अंदाज और शारीरिक हावभाव तक में वास्तविकता दिखाने की कोशिश की गई है। दर्शक उनके अभिनय की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

फिल्म की बात करें तो ''प्रहार- द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्जवल निकम' देश के चर्चित सरकारी वकील उज्ज्वल निकम के जीवन और उनके पेशेवर सफर से प्रेरित है। उज्ज्वल निकम ने अपने लंबे करियर में कई बड़े मामलों में सरकार की ओर से पैरवी की है। हालांकि फिल्म का मुख्य फोकस 26/11 मुंबई आतंकी हमले के बाद चले मुकदमे और अजमल कसाब को सजा दिलाने की कानूनी प्रक्रिया पर रहेगा। इस मुकदमे ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा था और उज्ज्वल निकम की भूमिका इसमें बेहद महत्वपूर्ण रही थी।

फिल्म का निर्देशन अविनाश अरुण ने किया है। फिल्म में राजकुमार राव के साथ वामिका गब्बी, जयदीप अहलावत, सिकंदर खेर और तरुण शर्मा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। निर्माण का जिम्मा दिनेश विजान और उनकी टीम ने संभाला है।

'प्रहार' फिल्म 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

--आईएएनएस

पीके/वीसी