बच्चों की दूसरी मां हैं आंगनबाड़ी वर्कर्स: डॉ स्वप्ना वर्मा
शहडोल, 28 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री और शहडोल संभाग की प्रभारी डॉ. स्वप्ना वर्मा ने कहा कि मां अपने बच्चों की घर में देखभाल करती है तो आंगनबाड़ी केंद्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इस तरह बच्चों की दूसरी मां के समान हैं।
भाजपा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर बच्चों उनकी माता, लाभार्थियों से सीधे संवाद कर रही हैं। साथ ही बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं को भी करीब से देख रही हैं।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री और शहडोल की प्रभारी डॉ. वर्मा सोमवार को शहडोल जिले के प्रवास पर थीं और उन्होंने गोहपारू के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित समारोह में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका को सम्मानित किया। इस मौके पर डॉ. वर्मा ने लाभार्थियों से सीधे संवाद किया और कहा कि देश की यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जमीनी कार्यकर्ताओं को पहचाना है और उन्हें सम्मान दिलाया है।
प्रधानमंत्री की नेतृत्व में केंद्र तथा राज्य की योजनाओं ने महिलाओं के साथ हर वर्ग की जिंदगी में बड़ा बदलाव लाया है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की भूमिका की चर्चा करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र तक आने वाला बच्चा भले ही उनकी कोख से न जन्मा हो, मगर वे उसकी देखभाल अपने बच्चों के समान करती हैं। इसके साथ ही जो माताएं अपने बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्र तक भेजते हैं, वे यह महसूस करती हैं कि उनका बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है।
शहडोल संभाग की प्रभारी डॉ. वर्मा ने लाभार्थियों से संवाद किया और कहा कि हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करना चाहिए, साथ ही उनकी दीर्घायु की भी कामना हम करें। भाजपा महिला मोर्चा द्वारा प्रदेश में आंगन मिलन समारोह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। तमाम पदाधिकारी आंगनबाड़ी केंद्रों में पहुंचकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और लाभार्थियों से सीधे संवाद कर रहे हैं।
--आईएएनएस
एसएनपी/डीकेपी
