'बाबा विश्वनाथ की नगरी में अद्भुत दिव्यता और अलौकिक छटा', देव दीपावली पर प्रधानमंत्री
वाराणसी, 24 नवंबर (आईएएनएस)। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में मंगलवार को देव दीपावली पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। लाखों-लाखों दीयों से काशी का गंगा घाट जमगम रोशन हो उठा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी में देव दीपावली की तस्वरों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी में आज सर्वत्र देव दीपावली की अद्भुत दिव्यता और अलौकिक छटा बिखरी हुई है।
देव दीपावली पर भोर की पहली किरण के साथ ही गंगा के धनुषाकार घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। हर-हर महादेव और हर-हर गंगे के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। सुबह की हल्की ठंड भी श्रद्धालुओं के उत्साह को कम नहीं कर सकी। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। स्नान के बाद लोगों ने दान-पुण्य कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला देर रात से ही शुरू हो गया था। सुबह होते-होते प्रमुख घाटों पर भीड़ बढ़ती गई। श्रद्धालुओं ने मां गंगा के जयकारों के बीच स्नान किया और विधि-विधान से सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। घाटों पर परिवारों के साथ पहुंचे लोगों ने धार्मिक अनुष्ठान किए और जरूरतमंदों को अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान दिया। कार्तिक पूर्णिमा के साथ ही एक माह तक चलने वाले कार्तिक स्नान का भी समापन हो गया। गंगा स्नान और दान-पुण्य के बाद श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ, बाबा काल भैरव और मां अन्नपूर्णा के मंदिर पहुंचे। प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की कतारें लगी रहीं।
श्रद्धालुओं ने देवालयों में मत्था टेककर परिवार के कल्याण और मंगलमय जीवन की कामना की। घाटों से लेकर मंदिरों तक काशी में दिनभर धार्मिक उत्साह बना रहा। ज्योतिषाचार्य पंडित श्रीराम शर्मा ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान और ध्यान के बाद भगवान के समक्ष धूप-दीप अर्पित करने की परंपरा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन आंवला, अन्न, गर्म वस्त्र और दक्षिणा का दान विशेष फलदायी माना जाता है। श्रद्धालु अपनी आस्था और सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंदों को दान देकर पुण्य अर्जित करते हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने घाटों और शहर के प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा एवं यातायात के इंतजाम किए।
--आईएएनएस
एमएस/
